छत्तीसगढ़

सरपंच को ब्लैकमेल कर रहा पत्रकार, हनीट्रैप में फंसाने की साजिश

Nilmani Pal
28 Jun 2026 9:43 AM IST
सरपंच को ब्लैकमेल कर रहा पत्रकार, हनीट्रैप में फंसाने की साजिश
x
छग

बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में कथित हनी ट्रैप, ब्लैकमेलिंग और झूठे आपराधिक मामले में फंसाने की साजिश का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि एक 18 वर्षीय युवती से ग्राम कटगी के सरपंच के खिलाफ दुष्कर्म की झूठी शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच में शिकायत असत्य पाए जाने के बाद पुलिस ने इस पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश करते हुए पांच लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसकी सहेली तथा उसके परिचितों ने उसे यह कहकर अपने साथ लिया कि गांव की एक युवती की मदद करनी है। इसी बहाने उसे ग्राम कटगी के सरपंच के खिलाफ दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाने के लिए तैयार किया गया। शिकायत दर्ज कराने के बाद उसे भरोसा दिलाया गया कि इस मामले में उसे तीन लाख रुपये दिलाए जाएंगे।

पुलिस द्वारा शिकायत की गहन जांच, बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह सामने आया कि पूरे घटनाक्रम की पहले से योजना बनाई गई थी। जांच में ग्राम कटगी निवासी भागवत थवाईत, दीपक थवाईत, शिवा चेलक, युवती (ज्योति) बदला हुआ नाम तथा पत्रकार विजय तिवारी की कथित संलिप्तता सामने आने का दावा किया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने प्रार्थी युवती को बहला-फुसलाकर झूठी शिकायत दर्ज करवाई, जिससे ग्राम सरपंच को गंभीर आपराधिक मामले में फंसाया जा सके। जांच में शिकायत झूठी पाए जाने के बाद पुलिस ने इसे षड्यंत्र, ब्लैकमेलिंग और झूठे आरोप लगाकर लाभ प्राप्त करने की कोशिश का मामला माना है। कसडोल थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 308(2), 308(6), 217, 248(ख), 61(2) एवं 45 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


Next Story