छत्तीसगढ़

खमतराई में ज्वेलर्स शॉप को बनाया निशाना, तीन आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
26 Nov 2026 5:43 PM IST
खमतराई में ज्वेलर्स शॉप को बनाया निशाना, तीन आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में डकैती का प्रयास करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा विधि के साथ संघर्षरत एक बालक और एक बालिका को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन, धारदार वस्तुएं, गैस सिलेंडर, कटर मशीन, हेलमेट और चार मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त की है। जांच के दौरान डकैती के प्रयास से संबंधित साक्ष्य मिलने पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4) भी जोड़ी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सदर बाजार रायपुर निवासी सुरेश धीमन खमतराई के श्रीनगर क्षेत्र में सुरेश ज्वेलर्स नाम से आभूषणों की दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने खमतराई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 नवंबर 2026 की रात वह अपनी ज्वेलरी दुकान बंद कर घरेलू काम से बाहर चले गए थे। इसके बाद 18 नवंबर को जब वह वापस लौटे तो उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। इस दौरान उन्हें पता चला कि 17 नवंबर की मध्यरात्रि करीब 12 बजे अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी
दुकान
को निशाना बनाया था। आरोपियों ने कथित रूप से सुनियोजित तरीके से दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को ढक दिया था और दुकान के ताले को क्षतिग्रस्त कर दिया था। हालांकि, आरोपी वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके। प्रार्थी सुरेश धीमन की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1256/2026 दर्ज किया था। प्रारंभिक तौर पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305 और 62 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त उत्तर क्षेत्र दीपमाला कश्यप ने अधीनस्थ अधिकारियों को मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। टीम के सदस्यों ने दुकान संचालक सहित आसपास के लोगों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया गया। मुखबिरों के माध्यम से भी संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान पुलिस टीम को घटना में कथित रूप से शामिल आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। इसके आधार पर टीम ने वासुदेव सरकार, गुंजन बार और नाज नौशाद सनादी की पतासाजी कर उन्हें पकड़ा। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान तीनों ने एक बालक और एक बालिका के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने का प्रयास करने की बात स्वीकार की।

इसके बाद संयुक्त टीम ने मामले में शामिल विधि के साथ संघर्षरत बालक और बालिका की भी पतासाजी कर उन्हें पकड़ लिया। नाबालिगों के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार वयस्क आरोपियों की पहचान खमतराई के शिवानंद नगर निवासी 25 वर्षीय वासुदेव सरकार, पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के मूल निवासी एवं वर्तमान में खमतराई में रह रहे 18 वर्षीय गुंजन बार तथा शिवानंद नगर निवासी 34 वर्षीय नाज नौशाद सनादी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक दोपहिया वाहन, गैस सिलेंडर, लोहे की कटर मशीन, हेलमेट, चार मोबाइल फोन, धारदार वस्तुएं तथा अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री को प्रकरण की विवेचना में शामिल किया गया है। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान डकैती के प्रयास से संबंधित साक्ष्य मिलने के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4) भी जोड़ी गई है। इसके तहत तीनों वयस्क आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत दोनों नाबालिगों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से ज्वेलरी दुकान में डकैती के प्रयास के मामले का खुलासा हुआ है। फिलहाल पुलिस प्रकरण की विस्तृत विवेचना कर रही है। आरोपियों की कथित भूमिका और बरामद सामग्री से संबंधित साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Next Story