जनता से रिश्ता के पत्रकार ज़ाकिर घुरसेना हज यात्रा के लिए रवाना

रायपुर। भारत से हज यात्रा 2026 की शुरुआत हो चुकी है। भारतीय हज यात्रियों के पहले जत्थे को लेकर 18 अप्रैल को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से दो उड़ानों से 781 हज यात्री एवं चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट लखनऊ से 427 हज यात्रियों का पहला जत्था रवाना हुआ।इस वर्ष भारत से कुल 1.75 लाख से अधिक लोग हज पर जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमेन ने बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश से कुल 815 हाजी हज यात्रा पर जा रहे हैं। इस बार छत्तीसगढ़ से हज के लिए फार्म भरने वाले सभी लोगों को हज यात्रा पर जाने का मौका मिला है। वरिष्ठ पत्रकार जनता से रिश्ता के राज. संपादक ज़ाकिर घुरसेना भी अपनी अहलिया (पत्नी) के साथ हज यात्रा पर जा रहे हैं। वे 26 अप्रैल को शाम 5 बजे नागपुर के लिए रवाना होंगे और 28 अप्रैल को मदीने शरीफ के लिए उड़ान भरेंगे। उन्हें जनता से रिश्ता के प्रधान संपादक पप्पू फरिश्ता, राजा फरिश्ता, मौलाना मुजम्मिल, समाचार संपादक अतुल्य चौबे, कैलाश यादव, शैलेन्द्र सिंह,नीलमणी पाल, शांतनु रॉय, योगेश साहू,स्नेहलता पटेल सहित सभी कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित यात्रा की बधाई दी। दिल्ली, लखनऊ और अन्य प्रमुख शहरों से उड़ानें शुरू हो चुकी हैं। इस बार 5,446 महिलाएं बिना 'मेहरम' के हज पर जा रही हैं, जिनमें सबसे अधिक केरल से हैं। गर्मी को देखते हुए भारत सरकार ने चिकित्सा टीमों और स्वास्थ्य सेवाओं के विशेष इंतजाम किए हैं।
बेहतर सुविधाएं :अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी हजयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए सुगम, सुरक्षित और आरामदायक हज यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने बताया कि मंत्रालय ने हजयात्रियों के लिए सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए इस वर्ष कई नई पहलें की हैं। हज के लिए नोडल मंत्रालय के रूप में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने भारतीय हज समिति, अन्य केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों और सऊदी अधिकारियों के समन्वय से व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य हजयात्रियों के लिए सुगम लॉजिस्टिक्स व्यवस्था और जमीनी स्तर पर बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करना है। हज 2026 के लिए शुरू की गई प्रमुख नई पहलों में हज सुविधा ऐप के माध्यम से उन्नत डिजिटल सुविधा, लापता हजयात्रियों का पता लगाने तथा सहायता प्राप्त करने के लिए हज सुविधा स्मार्ट रिस्टबैंड का वितरण, और पहली बार लगभग 20 दिनों के अल्प अवधि के हज विकल्प की शुरुआत शामिल है, जिससे हजयात्रियों को अधिक लचीलापन मिलेगा। भारत सरकार ने प्रत्येक हजयात्री के लिए लगभग 6,25,000 रुपये का संवर्धित बीमा कवरेज भी सुनिश्चित किया है, जिससे हजयात्रा के दौरान वित्तीय और स्वास्थ्य सुरक्षा मजबूत होगी। इसके अलावा, लगभग 60,000 हजयात्री मक्का और मदीना के बीच हाई-स्पीड ट्रेन कनेक्टिविटी का लाभ उठा सकेंगे, जिससे शहर के अंदर आवागमन तेज, सुरक्षित और अधिक आरामदायक होगी। साथ ही, सऊदी अरब में आवास और परिवहन सेवाओं के लिए बेहतर समन्वय, बेहतर तत्क्षण निगरानी और शिकायत निवारण तंत्र, बेहतर चिकित्सा जांच तथा स्वास्थ्य सेवा सहायता, और बेहतर समन्वय जैसे उपाय भी लागू किए गए हैं। हज 2026 के हजयात्रियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए इस बार मक्का में होटल शैली के आवास किराए पर लिए गए हैं। परेशानी मुक्त प्रस्थान सुनिश्चित करने के लिए हवाई अड्डों पर प्रस्थान प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने पर भी विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि भारत सरकार हज यात्रियों के हित और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। हजयात्रा की पूरी अवधि के दौरान कुशल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सऊदी अधिकारियों के साथ घनिष्ठ समन्वय बनाए रखा गया है।





