
कोंडागांव। नेशनल हाइवे 30 पर स्थित केशकाल घाट पर शनिवार सुबह बड़ा जाम लग गया। सुबह करीब 6 बजे दो ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत हुई, जिसके बाद लगभग 12 घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। हादसे के बाद दोनों ट्रेलर सड़क के बीचोबीच फंस गए, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हुआ।
पुलिस के पहुंचने में तीन घंटे की देरी के कारण स्थिति और बिगड़ गई। पुलिस ने बाद में वन-वे बनाकर छोटी गाड़ियों को निकलवाना शुरू किया। भारी वाहनों को घाट पर ही रोक दिया गया। यात्रियों को गर्मी, भूख और लंबी प्रतीक्षा का सामना करना पड़ा।
इससे पहले घाट की मरम्मत पर साढ़े 4 करोड़ खर्च हो चुके हैं, फिर भी बाइपास सड़क नहीं बनने से समस्या जस की तस है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संकरा मोड़ हादसों और जाम का मुख्य कारण है। इस घटना ने फिर सवाल खड़ा किया है बाइपास निर्माण कब शुरू होगा?





