
x
छग
Ambikapur. अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में आईपीएस अधिकारी रवि कुमार कुर्रे के बेटे और उसके दोस्तों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बौरीपारा तालाब के पास की बताई गई है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है, जबकि प्रकरण में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे हुई थी। आईपीएस रवि कुमार कुर्रे का बेटा लेखांश कुर्रे अपने दोस्त विशाल सोनी और रोमी खान के साथ एक परिचित के घर जा रहा था। इसी दौरान तीनों बौरीपारा तालाब के पास रुके थे। वहां पहले से गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन और आशुतोष गुप्ता सहित कुछ अन्य युवक मौजूद थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान लेखांश ने गोलू गणेश का नाम लिया, जिसे लेकर विवाद शुरू हो गया। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और इसके बाद विवाद मारपीट में बदल गया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने लेखांश और उसके दोस्तों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लेखांश के साथ हाथ-मुक्कों के अलावा बेल्ट और कड़े से मारपीट की गई। हमले में उसके कान, कंधे, सिर और गले में चोटें आने की बात कही गई है। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने मामले में गोलू गणेश और आशुतोष गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामलों की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद रविवार को दोनों आरोपियों को शहर के मुख्य मार्गों से ले जाया गया और बाद में न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आईपीएस रवि कुमार कुर्रे 2014 बैच के अधिकारी बताए गए हैं। वर्तमान में वे सीआईडी पुलिस मुख्यालय रायपुर में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं। इससे पहले वे पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में सेवाएं दे चुके हैं। वे कोरिया जिले में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
इस घटना के बाद अंबिकापुर में कानून-व्यवस्था और आदतन अपराधियों की गतिविधियों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अब घटना में शामिल बताए जा रहे अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि इसी तरह का एक मामला मार्च में बिलासपुर में सामने आया था। वहां पार्किंग को लेकर हुए विवाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पवन देव के बेटे तेजस्व देव के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई थी। तेजस्व देव अधिवक्ता हैं और बिलासपुर हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। शिकायत के मुताबिक अशोक नगर चौक के पास कार पार्क करने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने उनके साथ हाथापाई की थी।
Next Story





