छत्तीसगढ़

IPS अंकिता शर्मा ने नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पुलिस को किया अलर्ट

Nil dhankar
31 May 2026 10:42 AM IST
IPS अंकिता शर्मा ने नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पुलिस को किया अलर्ट
x

राजनांदगांव। पुलिस प्रशासन आगामी नगरीय निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। 1 जून को नगर पंचायत घुमका में होने वाले मतदान को लेकर एसपी अंकिता शर्मा ने शनिवार को क्षेत्र का सघन दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान एएसपी कीर्तन राठौर भी मौजूद रहे।

दौरे के दौरान पुलिस अधीक्षक ने घुमका क्षेत्र के अलग-अलग मतदान केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति, बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों के लिए विशेष सुरक्षा रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए।

एसपी ने मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों, संचार व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने मतदान के बाद निर्वाचन सामग्री और ईवीएम/मतपेटियों के सुरक्षित भंडारण के लिए बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात सुरक्षा बल, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और अन्य सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। एसपी ने सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

Next Story