
कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मामूली बात पर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जब बड़े भाई ने गुस्से में आकर अपने ही छोटे भाई पर टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि वारदात के बाद आरोपी जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नामलेपरा में मंगलवार देर रात खाना खाने के दौरान हुए विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। आरोपी बड़े भाई ने गुस्से में अपने छोटे भाई पर टांगी से कई वार कर दिए, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने पर वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम नामलेपरा निवासी 42 वर्षीय मथुरा धनवार अपनी पत्नी प्रमिला धनवार के साथ बड़े भाई 45 वर्षीय कैलाश धनवार के घर खाना खाने गया था। परिवार के सभी सदस्य एक साथ भोजन कर रहे थे। खाना खाने के बाद मथुरा आंगन में चला गया और अपनी पत्नी को जल्दी आने के लिए बार-बार आवाज लगाने लगा। पत्नी के देर करने पर वह लगातार उसे बुलाता रहा। मथुरा की यही बात बड़े भाई कैलाश धनवार को नागवार गुजरी। गुस्से में आकर उसने घर में रखी टांगी उठाई और आंगन में बैठे मथुरा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से मथुरा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पौड़ी उपरोड़ा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी कैलाश धनवार मौके से फरार हो गया। आशंका है कि, वह गांव से लगे जंगल की ओर भाग गया है।





