छत्तीसगढ़

गर्लफ्रेंड की जगह उसका भाई आया मुलाकात की जगह में, पेट्रोल से जिंदा जलाने की कोशिश

Nilmani Pal
16 Feb 2026 5:27 PM IST
गर्लफ्रेंड की जगह उसका भाई आया मुलाकात की जगह में, पेट्रोल से जिंदा जलाने की कोशिश
x
छग

जांजगीर-चांपा। जिले में कोरबा के युवक को उसकी गर्लफ्रेंड के भाई ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। युवक अपनी जान बचाने के लिए पास के तालाब में कूद गया। घटना के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कटओत में हुई। कनकी (थाना उरगा) निवासी 21 वर्षीय विशु सारथी का अफेयर कटओत की रहने वाली चांदनी (19) नामक युवती से था। जानकारी के अनुसार, चांदनी ने विशु को रविवार शाम करीब 5 बजे अपने गांव मिलने बुलाया था।

विशु सारथी जब चांदनी के गांव पहुंचा, तो पहले से घात लगाए चांदनी के भाई ने उस पर हमला कर दिया। इसके बाद हमलावर ने विशु पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। विशु पूरी तरह से जलने लगा और चीखते हुए पास के तालाब की ओर दौड़ा। पानी में कूदकर उसने अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत दौड़े और उसे तालाब से बाहर निकाल कर नजदीकी अस्पताल ले गए। स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें तुरंत कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, विशु सारथी गंभीर रूप से झुलस गया है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल चौकी पुलिस ने पीड़ित युवक का बयान दर्ज कर लिया है। विशु ने बताया कि उनका चांदनी के साथ पिछले तीन साल से अफेयर चल रहा था। चांदनी ने उन्हें फोन कर मिलने बुलाया, लेकिन वहां उनका इंतजार कर रहे भाई ने हमला कर दिया। युवक ने बताया कि भाई ने जानबूझकर आग लगाई। स्थानीय लोग भी घटना के चश्मदीद बने और पुलिस को तुरंत सूचना दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

Next Story
null