छत्तीसगढ़
जशपुर में मासूम हत्याकांड का खुलासा, खेत के गड्ढे में मिली बोरी में बंद लाश
Shantanu Roy
8 Nov 2026 7:21 PM IST

x
छग
Jashpur. जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सन्ना थाना क्षेत्र में 4-5 साल के मासूम जितेन्द्र राम की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27) ने बच्चे को बहलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद उसे शराब पिलाई और उसके सो जाने पर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आंख निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिए। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और खेत में पानी से भरे गड्ढे में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जल्दी और ज्यादा पैसा कमाना चाहता था। इसके लिए वह सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरीके तलाशता रहता था। शुरुआती जांच में सामने आया कि वह बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने के तरीके खोज रहा था। इसी कथित मंशा के चलते उसने मासूम जितेन्द्र को निशाना बनाया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बच्चे का शव, वारदात में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, बाल्टी में रखे अंग और मोबाइल फोन जब्त किया है।
7 नवंबर को पिता ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
जानकारी के मुताबिक, रामजीत राम ने 7 नवंबर 2026 को सन्ना थाने में अपने 4-5 साल के बेटे जितेन्द्र के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। रामजीत करीब एक साल पहले अपने परिवार के साथ मजदूरी करने सन्ना आया था। वह आमटचुआ नदी डेम के पास बनी झोपड़ी में परिवार के साथ रहता था। आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू का भी उनके घर आना-जाना था। वह रिश्ते में रामजीत का ममेरा भाई लगता था। इसी परिचय का फायदा उठाकर आरोपी बच्चे को अपने साथ ले गया। पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे बासुदेव रामजीत के घर पहुंचा था। वह रामजीत और एक अन्य परिचित को अपने साथ शराब पीने के लिए ले गया। शराब पीने के बाद रामजीत और दूसरा व्यक्ति बस स्टैंड की ओर चले गए, जबकि बासुदेव अपनी झोपड़ी लौटने लगा। इसी दौरान रास्ते में उसे रामजीत का बेटा जितेन्द्र मिल गया। आरोपी बच्चे को बहलाकर अपने साथ ले गया।
बच्चा नहीं लौटा तो परिवार ने शुरू की तलाश
काफी समय बीतने के बाद भी जब जितेन्द्र घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने परिवार को बताया कि उसने बच्चे को बासुदेव के साथ खेत में बनी झोपड़ी की ओर जाते हुए देखा था। इसके बाद परिजनों ने आसपास के गांवों और खेतों में बच्चे की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। 7 नवंबर की सुबह परिवार के लोग एक बार फिर बच्चे की तलाश में निकले। इसी दौरान सन्ना गांव के एक खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में एक बोरी दिखाई दी। संदेह होने पर जब बोरी को खोला गया तो उसके अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा बच्चे का शव मिला। शव को मिट्टी से दबाया गया था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
खेत की झोपड़ी में वारदात को दिया अंजाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और संदेह के आधार पर बासुदेव उर्फ टंगनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब एक साल पहले मजदूरी करने सन्ना आया था। वह एक व्यक्ति के खेत में सब्जियां उगाने का काम करता था और वहीं बनी झोपड़ी में रहता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी से मिलने वाली रकम से संतुष्ट नहीं था। वह कम समय में ज्यादा पैसा कमाना चाहता था। इसी वजह से वह सोशल मीडिया पर पैसे कमाने के अलग-अलग तरीकों की जानकारी खोजता रहता था। पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर को बच्चे को अपने साथ ले जाने के बाद आरोपी उसे गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया। इसके बाद वह बच्चे को महानदी डेम के पास सौर ऊर्जा प्लेट के नीचे और जंगल की ओर भी घुमाता रहा। बाद में सन्ना खुटाटांगर पहुंचकर उसने शराब और मुर्गा खरीदा।
बच्चे को शराब पिलाकर की हत्या
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह झोपड़ी में लौटा और मुर्गा बनाया। इस दौरान उसने मासूम जितेन्द्र को भी शराब पिलाई। बच्चा नशे की हालत में सो गया तो आरोपी ने चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आंख निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिए। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में बंद किया और खेत में पानी से भरे गड्ढे में डालकर मिट्टी से ढंक दिया।
बांस के झुरमुट के पास छिपाए थे हथियार और अन्य सामान
पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू, फावड़े और बाल्टी को आरोपी ने बांस के झुरमुट के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने इन वस्तुओं के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बच्चे का शव, चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे अंग और आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने बासुदेव उर्फ टंगनू (27 वर्ष), पिता अमृत, निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी ने बताया- सभी पहलुओं की जांच जारी
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मासूम की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से ज्यादा पैसा कमाने के तरीके तलाश रहा था। इसी दौरान उसके मन में बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मासूम की हत्या और उसके शरीर के अंग निकालने की घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। एक परिवार ने अपना छोटा बच्चा खो दिया है, वहीं मामले में सामने आए आरोपों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
Next Story





