छत्तीसगढ़

ठंड की विदाई पर IMD ने दिया अपडेट, जानिए कब से मिल सकती है राहत

Nilmani Pal
16 Jan 2026 7:35 AM IST
ठंड की विदाई पर IMD ने दिया अपडेट, जानिए कब से मिल सकती है राहत
x

रायपुर/दिल्ली। कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे भारत के उत्तर पश्चिम राज्यों को जल्द ही राहत मिलने के आसार हैं। IMD यानी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में इजाफा हो सकता है। वहीं, मध्य भारत को भी इसी तरह राहत मिल सकती है। हालांकि, उत्तर प्रदेश समेत कुछ राज्यों के लिए आने वाले दिन मौसम के मोर्चे पर चुनौती भरे साबित हो सकते हैं। मौसम विभाग ने कम से कम 5 राज्यों में बारिश की संभावनाएं जताई हैं। IMD ने गुरुवार रात जानकारी दी है कि 18 और 19 जनवरी को पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। वहीं, ऐसा ही मौसम पंजाब में 18 से 20 जनवरी को हो सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मुजफ्फराबाद, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट, बाल्टिस्तान में 16 से 21 जनवरी तक कहीं कहीं बारिश या बर्फबारी की संभावनाएं हैं।

मौसम विभाग ने गुरुवार को बताया कि उत्तर पश्चिम भारत में 4 दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। मध्य भारत में 24 घंटों में तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि, इसके बाद 3 दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। पूर्वी भारत में भी तीन दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा दर्ज किया जा सकता है।

खास बात है कि महाराष्ट्र में 2 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस गिर सकता है। गुजरात में 2 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने के आसार हैं। भारत के अन्य राज्यों में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव के आसार नहीं हैं।

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तराखंड 17 जनवरी तक बहुत घने कोहरे का सामना कर सकते हैं। पश्चिम उत्तर प्रदेश में 18 जनवरी तक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 जनवरी तक घने से बहुत घना कोहरा तक छा सकता है। जम्मू डिवीजन, हिमाचल प्रदेश में 17 जनवरी तक, पश्चिम राजस्थान में 16 जनवरी तक, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार में 19 जनवरी तक, गंगीय पश्चिम बंगाल में 16 से 19 जनवरी तक, असम और मेघालय में 18 जनवरी तक सुबह और रात के समय कोहरे की संभावनाएं हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में 16 जनवरी को कोल्ड डे हो सकता है। जबकि, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और ओडिशा में 16 और 17 जनवरी को शीतलहर चल सकती है। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और झारखंड में 16 जनवरी को शीत लहर के आसार हैं।

Next Story
null