छत्तीसगढ़

कोयला घोटाले में IAS मौर्य की बढ़ी मुश्किलें, हाईकोर्ट ने मांगा जवाब

Shantanu Roy
25 Nov 2026 12:57 PM IST
कोयला घोटाले में IAS मौर्य की बढ़ी मुश्किलें, हाईकोर्ट ने मांगा जवाब
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला लेवी घोटाले में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी जयप्रकाश मौर्य की मुश्किलें बढ़ गई हैं। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के पूरक चालान में आरोपी बनाए गए आईएएस अधिकारी जयप्रकाश मौर्य की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए राज्य शासन से जवाब मांगा है। खनिज विभाग के पूर्व संचालक रहे मौर्य पर जांच एजेंसियों ने कथित अवैध वसूली में भूमिका निभाने और करीब एक करोड़ रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाया है।
दरअसल, ईओडब्ल्यू और एसीबी ने 5 अक्टूबर 2026 को विशेष अदालत में कोयला लेवी घोटाले से संबंधित छठा पूरक चालान प्रस्तुत किया था। इस चालान में आईएएस जयप्रकाश मौर्य का नाम भी शामिल किया गया है। इसके बाद मौर्य ने अग्रिम जमानत के लिए छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का रुख किया। उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने राज्य शासन से जवाब तलब किया है। जांच एजेंसियों ने जब्त डायरियों, डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर दावा किया है कि तत्कालीन खनिज संचालक रहते हुए जयप्रकाश मौर्य ने कथित कोयला लेवी सिंडिकेट के मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी से करीब एक करोड़ रुपये नकद रिश्वत के रूप में प्राप्त किए थे। एजेंसियों ने इस कथित लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों का उल्लेख पूरक चालान में किया है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, प्रदेश में कोयला परिवहन पर 25 रुपये प्रति टन और आयरन पैलेट के परिवहन पर 100 रुपये प्रति टन की कथित अवैध वसूली की जा रही थी। आरोप है कि इस व्यवस्था को संचालित करने में तत्कालीन खनिज संचालक की महत्वपूर्ण भूमिका थी। खनिज विभाग में किए गए कुछ प्रशासनिक बदलावों को भी जांच एजेंसियों ने अपनी विवेचना में शामिल किया है। पूरक चालान में जुलाई 2020 में ऑनलाइन ई-परमिट जारी होने से पहले जिला
खनिज अधिकारी
(डीएमओ) की मंजूरी अनिवार्य किए जाने और जनवरी 2022 में ट्रांजिट पास व्यवस्था लागू किए जाने का उल्लेख किया गया है। एजेंसियों का आरोप है कि ये प्रशासनिक बदलाव राजस्व हानि के ठोस आकलन के बिना किए गए थे। इन बदलावों से कथित कोयला सिंडिकेट को अवैध वसूली करने में फायदा मिला।
छत्तीसगढ़ में 540 करोड़ रुपये से अधिक के कथित कोयला लेवी घोटाले की जांच सबसे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत शुरू की थी। इसके बाद ईडी की रिपोर्ट के आधार पर राज्य की ईओडब्ल्यू और एसीबी ने भी आपराधिक प्रकरण दर्ज कर समानांतर जांच शुरू की। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय की जांच के दायरे में 35 से अधिक नौकरशाह, राजनेता, कारोबारी और अन्य प्रभावशाली लोग आए हैं। मामले में 15 से अधिक प्रमुख आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इसके अलावा ईडी ने आरोपियों से जुड़ी 220 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्तियां भी कुर्क की हैं।
राज्य की जांच एजेंसी ईओडब्ल्यू-एसीबी ने भी अपनी एफआईआर में पूर्व मंत्रियों, विधायकों, आईएएस अधिकारियों और कोयला कारोबारियों समेत 36 से अधिक लोगों को नामजद किया है। इस प्रकरण में एक दर्जन से अधिक गिरफ्तारियां होने की जानकारी सामने आई है। कोयला लेवी घोटाले की जांच में आईएएस अधिकारी रानू साहू, समीर विश्नोई, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपसचिव रहीं सौम्या चौरसिया, सूर्यकांत तिवारी, सुनील अग्रवाल, लक्ष्मीकांत तिवारी और निखिल चंद्राकर सहित कई लोगों के नाम सामने आ चुके हैं। देवेंद्र यादव और चंद्रदेव राय भी जांच के दायरे में रहे हैं। फिलहाल जयप्रकाश मौर्य की अग्रिम जमानत याचिका पर राज्य शासन का जवाब महत्वपूर्ण होगा। शासन का पक्ष सामने आने के बाद अदालत याचिका पर आगे विचार करेगी। जांच एजेंसियों द्वारा लगाए गए आरोपों पर अंतिम न्यायिक निर्णय होना शेष है।
Next Story