छत्तीसगढ़

नाबालिगों को डराकर की जेवर और नगदी की उगाही, पति-पत्नी गिरफ्तार

Shantanu Roy
6 Sept 2026 6:06 PM IST
नाबालिगों को डराकर की जेवर और नगदी की उगाही, पति-पत्नी गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चों को डराने-धमकाने और ब्लैकमेल कर उनसे सोने-चांदी के जेवरात व नगदी रकम मंगवाने के मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दंपती आसपास के अबोध बच्चों को अपने झांसे में लेकर उनसे घर में रखे कीमती सामान चोरी करवाकर अपने पास मंगाते थे। पुलिस के अनुसार, इस मामले में गुढ़ियारी निवासी सोनम साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह बड़ा अशोक नगर क्षेत्र में रहती हैं। उनके आसपास रहने वाली वंदना साहू नामक महिला और उसका पति दीपक साहू भी उसी इलाके में रहते हैं। प्रार्थिया की 11 वर्षीय भांजी वंदना साहू को पहले से जानती थी। आरोप है कि वंदना साहू ने बच्ची को किसी बात का डर दिखाकर और ब्लैकमेल कर अपने प्रभाव में ले लिया था।
नाबालिग से मंगवाए सोने के जेवर
शिकायत के अनुसार, नाबालिग बच्ची ने प्रार्थिया के सोने के कान के झुमके और सोने की चैन वंदना साहू को दे दिए थे। इसके बाद 2 सितंबर 2026 को बच्ची ने अपनी नानी का रानीहार भी वंदना साहू को लाकर दिया। जब परिवार ने बच्ची से इस बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि वंदना साहू उसे डरा-धमका रही थी और इसी कारण वह घर में रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी-छिपे उसे देती रही। बच्ची ने यह भी बताया कि वह समय-समय पर घर में रखी नगदी रकम भी वंदना साहू को देती थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि इस पूरे मामले में वंदना साहू का पति दीपक साहू भी शामिल था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुढ़ियारी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 390/26 दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पाण्डेय, सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा और गुढ़ियारी थाना प्रभारी को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
लगातार दबिश देकर पकड़े गए आरोपी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गुढ़ियारी थाना पुलिस की टीम ने प्रार्थिया, नाबालिग और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर मामले की जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और लगातार दबिश दी। इसके बाद पुलिस टीम ने वंदना साहू और उसके पति दीपक साहू को पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जेवरात बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से उगाही किए गए सोने के कान के टॉप्स और चैन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वंदना साहू पति दीपक साहू उम्र 26 वर्ष निवासी प्रीतम नगर बड़ा अशोक नगर गुढ़ियारी और दीपक साहू पिता रिखीराम साहू उम्र 29 वर्ष निवासी प्रीतम नगर बड़ा अशोक नगर रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चों को अपराध के लिए इस्तेमाल करने और उन्हें डराकर शोषण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Next Story