बेडशीट को बनाया फंदा और सीलिंग फैन में झूला छात्रावास का स्टूडेंट, सुसाइड की जांच जारी

धमतरी। जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने छात्रावास के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वहीं अब छात्रावास प्रबंधन की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
मामला केरेगांव थाना क्षेत्र के पत्थरीडीह स्थित एकलव्य आवासीय छात्रावास का है। यहां मगरलोड के भालूचूहा गांव निवासी 17 वर्षीय छात्र हिमांशु नेताम, जो 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था, ने हॉस्टल के कमरे में लगे सीलिंग फैन पर बेडशीट के सहारे फांसी लगा ली। घटना के बाद छात्रावास परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अन्य छात्रों ने जब कमरे का दरवाजा खोला, तो हिमांशु को फंदे पर झूलता पाया गया।
परिजनों ने छात्रावास प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण ही यह दर्दनाक घटना हुई। वे यह भी पूछ रहे हैं कि, आखिर हॉस्टल में निगरानी की व्यवस्था कहां थी और बच्चे की मानसिक स्थिति पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया। छात्र को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





