रायपुर के बिरयानी सेंटर में गुंडागर्दी, फ्री में देने का विरोध करने पर मैनेजर को बदमाशों ने पीटा

रायपुर। राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में गुंडागर्दी की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। न्यू शांति नगर स्थित 'मद्रासी बाईट पॉइन्ट' बिरयानी सेंटर में मुफ़्त में खाना ले जाने से रोकने और पैसे मांगने पर दो अज्ञात बदमाशों ने होटल मैनेजर पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित का नाम अब्दुल कादिर खान पुलिस द्वारा बताया जा रहा है।
पीड़ित मैनेजर अब्दुल कादिर खान ने पुलिस को बताया कि 31 जुलाई की रात करीब 11 बजे दो युवक होटल आए और 5 हाफ चिकन बिरयानी पार्सल करने का ऑर्डर दिया। करीब 11:16 बजे खाना पैक होने के बाद एक युवक पार्सल लेकर बिना पैसे दिए जाने लगा। जब मैनेजर ने पैसों की मांग की, तो दोनों युवक भड़क गए और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने अपने पास रखी बीयर की खाली बोतल से मैनेजर के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सिर फटने से खून बहने लगा।
घटना के वक्त होटल कुक राजीव रजक, वेटर वसीम खान और मुसब्बीर खान मौके पर मौजूद थे। कर्मचारियों को आता देख दोनों आरोपी फरार हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद प्रार्थी की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश कर रही है।





