छत्तीसगढ़

मंदिरहसौद में शराब बेचने वाला हनी सिंह, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

Shantanu Roy
18 May 2025 10:14 PM IST
मंदिरहसौद में शराब बेचने वाला हनी सिंह, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
x
छग
Raipur. रायपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंदिरहसौद थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मंदिरहसौद पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम पलौद स्थित एक मकान पर छापा मारकर 237 पौवा देशी शराब बरामद की है। जप्त शराब की अनुमानित कीमत ₹25,000 बताई जा रही है। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शैला रात्रे उर्फ छैला, दीपक रात्रे उर्फ हनी सिंह, और भगवान दास रात्रे शामिल हैं। छापे के दौरान आरोपी किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए और टीम को लगातार गुमराह करने की कोशिश करते रहे।


पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दीपक रात्रे उर्फ हनी सिंह थाना मंदिरहसौद का गुंडा बदमाश है और उसके खिलाफ मारपीट, आबकारी अधिनियम और जुआ अधिनियम के तहत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। आरोपियों के विरुद्ध थाना मंदिरहसौद में अपराध क्रमांक 191/2025 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रमुख भूमिका निभाने वालों में थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश सिंह, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक परेश पांडे, उपनिरीक्षक राजेन्द्र कंवर और टीम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे। रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कठोर कार्रवाई की जा सके।
Next Story