
कोरबा। एसटीएलएल कार्यालय परिसर में रंगों का पावन पर्व होली हर्षोल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान के डायरेक्टर विपिन मलिक की गरिमामयी उपस्थिति में अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की खुशियाँ साझा कीं।
कार्यक्रम की शुरुआत तिलक और गुलाल लगाकर हुई, जिसके बाद पूरा परिसर 'होली है' के उत्साहपूर्ण उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। कर्मचारियों के बीच टीम भावना और आपसी समन्वय को बढ़ावा देने के लिए विशेष रूप से संगीत और स्वरुचि भोज (जलपान) का आयोजन किया गया। इस मौके पर डायरेक्टर विपिन मलिक ने सभी को संबोधित करते हुए कहा की होली का यह त्यौहार केवल रंगों का उत्सव नहीं है, बल्कि यह हमारे कार्यस्थल पर प्रेम, सद्भाव और मिठास घोलने का माध्यम है। ऐसे आयोजनों से कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और कार्यक्षमता बढ़ती है।
समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी शिरकत कर उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से एसटीएलएल के डायरेक्टर विपिन मलिक, नगर पालिका दीपका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, विकास मलिक, विपुल मलिक, देवेंद्र सिंह, प्रभाकर शुक्ला, वरिष्ठ पार्षद अरुणीश तिवारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष द्वारिका शर्मा, पार्षद आलोक परेडा, राठी जी, विकास कासवां, विधायक प्रतिनिधि सानिध्य सोलंकी, राहुल एवं अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सभी ने कार्य के तनाव को पीछे छोड़कर उत्सव का आनंद लिया और यादगार तस्वीरें खिंचवाईं। कार्यक्रम का समापन मिठाई वितरण और सभी की सुख-समृद्धि की कामना के साथ हुआ। उक्त जानकारी एरिया फील्ड ऑफिसर प्रभाकर शुक्ला द्वारा साझा की गई।





