छत्तीसगढ़

धमतरी में हिट एंड रन: अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से आरक्षक गंभीर

Shantanu Roy
4 Jan 2026 7:12 PM IST
धमतरी में हिट एंड रन: अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से आरक्षक गंभीर
x
छग
Dhamtari. धमतरी। जिला धमतरी में सड़क दुर्घटना का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें रायपुर निवासी और धमतरी जेल पुलिस में पदस्थ आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा 4 दिसंबर 2025 की शाम को धमतरी–भखारा मार्ग पर देमार और पिपरछेड़ी के बीच हुआ, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार आरक्षक को टक्कर मार दी। हादसे में पीड़ित को सिर और कमर सहित रीढ़ और हिप्स की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित आरक्षक का नाम राजेन्द्र कुमार महिलांगे, पिता धरमदास महिलांगे है, जो धमतरी जेल पुलिस में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं और रायपुर के मोवा क्षेत्र में निवास करते हैं। घटना वाले दिन वे अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 KW 2320 से रायपुर से धमतरी ड्यूटी पर जा रहे थे। शाम करीब 5:20 बजे जब वे देमार से आगे पिपरछेड़ी पेट्रोल पंप के पास पहुंचे।

तभी धमतरी की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने गलत साइड से वाहन चलाते हुए उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजेन्द्र महिलांगे सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल धमतरी के एक निजी अस्पताल, एकता अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी एम्बुलेंस से एम्स रायपुर ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें रायपुर स्थित अरिहंत अस्पताल, मोवा में भर्ती किया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि उनके रीढ़ की हड्डी और हिप्स की हड्डी टूट गई है, जिसके चलते वे चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ हो गए हैं। इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने पर उन्हें घर ले आया गया है। डॉक्टरों ने उन्हें कम से कम तीन माह तक पूर्ण आराम और हिलने-डुलने से परहेज करने की सलाह दी है।

इसी कारण दुर्घटना की तत्काल सूचना पुलिस को नहीं दी जा सकी, जिससे प्रथम सूचना दर्ज करने में विलंब हुआ। घटना को लेकर घायल आरक्षक के पुत्र लॉर्यन महिलांगे, जो बीकॉम की पढ़ाई कर रहे हैं और रायपुर के मोवा क्षेत्र में रहते हैं, ने 4 जनवरी 2026 को थाना अर्जुनी, जिला धमतरी में लिखित आवेदन देकर प्रथम सूचना दर्ज कराई है। आवेदन में उन्होंने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी की पतासाजी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल थाना अर्जुनी पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से अज्ञात ट्रैक्टर चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में भारी वाहनों की लापरवाही से हो रहे हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Next Story