छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के 18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

Nilmani Pal
24 May 2026 8:08 AM IST
छत्तीसगढ़ के 18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
x

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना हुआ है. पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ. मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो पॉकेट में गर्मी की लहर चलने की संभावना जताई है. 5 दिनों के बाद ही गर्म हवाओं से राहत के आसार हैं.

राजनांदगांव में तापमान 46 डिग्री दर्ज

प्रदेश में शनिवार को मौसम शुष्क रहा और एक दो पॉकेट में गर्मी की लहर चली. इस दौरान सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस राजनंदगांव में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज किया गया. मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण बिहार और उसके आसपास 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका दक्षिण पश्चिम विहार से उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. प्रदेश में उत्तर पश्चिम से गर्म और शुष्क हवाओं का आगमन लगातार बने रहने के कारण अधिकतम तापमान में वृद्धि का क्रम जारी है. प्रदेश में आज अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि के साथ कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है. ग्रीष्म लहर और ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बने रहने की संभावना है. प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है.

बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद और खैरागढ़-छुईखदान-गंड़ाई में एक दो पॉकेट में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है.


Next Story