ASP रहते नक्सल ऑपरेशन को दिया अंजाम, अब एसपी बने यह IPS

नारायणपुर। जिले के अब IPS रॉबिंसन गुड़िया नए SP होंगे। उन्होंने जिले के 23वें SP के रूप में पदभार ग्रहण किया है। SP बनने से पहले वे इसी जिले में ASP थे। अब इसी जिले के पुलिस कप्तान बन गए हैं। वहीं नक्सल मोर्चे की कमान संभालेंगे। रॉबिंसन गुड़िया से पहले प्रभात कुमार जिले के SP थे।
दरअसल, रॉबिंसन गुड़िया 2020 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। जो 15 फरवरी 2024 से नारायणपुर में ASP नक्सल ऑपरेशन के पद पर थे। वहीं राज्य सरकार के आदेशानुसार SP प्रभात कुमार का पुलिस अधीक्षक जिला नारायणपुर से पुलिस अधीक्षक (विशेष आसूचना शाखा) पुलिस मुख्यालय ट्रांसफर हो गया है। उन्होंने रॉबिंसन गुड़िया को कार्यभार सौंपा।
दरअसल, नारायणपुर जिले का अधिकांश इलाका अबूझमाड़ का है। अबूझमाड़ यानी जिसे कोई बूझ नहीं पाया। ये नक्सल बेल्ट है। हालांकि रॉबिंसन गुड़िया ने पिछले 1 साल से यहां बतौर ASP नक्सल ऑपरेशन कार्य किया है। इसलिए इन्हें यहां की भौगोलिक स्थिति का अनुभव है। मिशन 2026 नक्सलवाद से आजादी दिलाने पर इनका फोकस रहेगा।





