लाश देने 15 सौ मांगे, जेब में थे तीन सौ, भारी कचकच के बाद मिला शव

बतौली। सरगुजा के बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अब शव के पीएम कराने पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। एक तरफ अपनों का खोने का दर्द, ऊपर से पीएम कराने पर पैसा नहीं देने से किया जा रहा है खुलेआम दुर्व्यवहार। पीड़ित परिवार थक हार कर शव ले जाने दे रहे है पैसे। स्वास्थ्य विभाग के करतूतों से सिस्टम की पोल खुल रही है, जहां लगातार पीड़ितों को अपनों के शव ले जाने क्या अब खुलेआम स्वास्थ्य केंद्र में अत्याचार सहने पड़ेंगे। मामला इतना संगीन है कि इन जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी, यह पूरे बतौली के क्षेत्रवासियों को इंतजार है।
आपको बता दें कि बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत कदनई लोटाभावना में शुक्रवार 26 जून देर रात्रि पति-पत्नी विवाद में पति नेतराम मझवार को अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई थी। जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली में पीएम कराने चीरघर ले जाया गया, लेकिन यहां पदस्थ नेहरू राम के नाती दीपेश द्वारा डॉक्टर के पीएम कराने पश्चात शव ले जाने परिजनों से 1500 से 2000 रुपए की मांग की गई।
जिस पर मृतक के बेटे बंधन द्वारा पैसा देने में असमर्थता जताई गई तो शव देने से मना किया गया। जहां पीड़ितों द्वारा यह बात बतौली के प्रतिष्ठित नागरिक प्रियेश अग्रवाल को बताई गई, जिसके बाद दीपेश को फटकार लगाई तथा अपने पास से 300 रुपए दिए गए। इसके बाद शव को पीड़ित बंधन मझवार द्वारा ले जाया गया।





