छत्तीसगढ़

फिटनेस का डोज आधा घंटा रोज, एसपी ने सुबह-सुबह चलाई साईकल

Nil dhankar
7 Jun 2026 9:34 AM IST
फिटनेस का डोज आधा घंटा रोज, एसपी ने सुबह-सुबह चलाई साईकल
x
छग

फिट इंडिया के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने धमतरी पुलिस की अनूठी पहल, ‘Sunday On Cycle’ में दिखा जोश और उत्साह

एसपी सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों ने दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पुलिस लाइन रूद्री से गंगरेल तक निकली साइकिल रैली, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का किया आह्वान

धमतरी। भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट एवं खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत आयोजित “Sunday On Cycle” कार्यक्रम के तहत आज दिनांक 07 जून 2026 (रविवार) को धमतरी पुलिस द्वारा स्वास्थ्य, फिटनेस एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, रक्षित निरीक्षक, थाना प्रभारी सहित जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार जनों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

प्रातः 07:00 बजे पुलिस लाइन रूद्री के सामने से प्रारंभ हुई साइकिल रैली गंगरेल रेस्टहाउस के समक्ष जाकर संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण हेतु साइकिल के अधिकाधिक उपयोग का संदेश आमजन तक पहुंचाया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है। नियमित व्यायाम, खेलकूद एवं साइकिलिंग न केवल शारीरिक रूप से व्यक्ति को स्वस्थ बनाते हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी उसे ऊर्जावान, अनुशासित एवं सकारात्मक बनाए रखते हैं। साइकिल का उपयोग पर्यावरण संरक्षण, ईंधन की बचत तथा स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक श्री दीपक शर्मा, जिले के थाना प्रभारी,अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस परिवार जन भी बड़ी संख्या में शामिल रहे। धमतरी पुलिस द्वारा भविष्य में भी जनहित, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजनों में सक्रिय सहभागिता करते हुए आमजन को स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाता रहेगा।

Next Story