छत्तीसगढ़

सुशासन तिहार से साय सरकार के प्रति मजबूत हो रहा जनविश्वास

Nilmani Pal
29 May 2026 5:19 PM IST
सुशासन तिहार से साय सरकार के प्रति मजबूत हो रहा जनविश्वास
x

रायपुर। सुशासन तिहार 2026 से छग की साय सरकार के प्रति जनविश्वास मजबूत साबित होता दिख रहा है। क्योंकि जनता को सुशासन तिहार में सभी सुविधा मिल रही है। अटके कामों का समाधान तुरंत हो रहा है। इसी कड़ी में गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत आमाडोब पटपरी निवासी किसान रूपसिंह नेताम इसका जीवंत उदाहरण हैं, जिन्हें सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में तत्काल नई किसान किताब उपलब्ध कराई गई।


दरअसल, किसान रूपसिंह नेताम की किसान किताब कुछ दिन पहले गुम हो गई थी। किसान किताब नहीं होने के कारण उन्हें कृषि कार्यों के संचालन, राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं एवं शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के समाधान के लिए उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की चिंता थी, लेकिन सुशासन तिहार के तहत आमाडोब में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ने उनकी परेशानी को आसान कर दिया। शिविर में पहुंचकर रूपसिंह नेताम ने किसान किताब की द्वितीय प्रति प्राप्त करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन मिलते ही राजस्व विभाग ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की तथा उन्हें तत्काल नई किसान किताब उपलब्ध करा दी। प्रशासन की इस त्वरित कार्यवाही से किसान रूपसिंह नेताम बेहद प्रसन्न नजर आए।


रूपसिंह नेताम ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सुशासन तिहार आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन एवं राजस्व विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले छोटे-छोटे कार्यों के लिए कई बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब शिविर के माध्यम से समस्याओं का समाधान सरल, सहज और समय पर हो रहा है।

महिला समूहों को मछली पालन के लिए आईस बॉक्स एवं मछली जाल प्रदान

दुलदुला विकासखंड की महिला स्व-सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी शिविर में विशेष पहल की गई। मत्स्य विभाग द्वारा मछली पालन कार्य से जुड़ी महिलाओं को आईस बॉक्स एवं मछली पकड़ने के जाल वितरित किए गए, जिससे उन्हें मछली संरक्षण एवं विपणन कार्य में सुविधा मिल सकेगी। महिलाओं ने शासन की इस पहल के प्रति खुशी जताते हुए कहा कि इससे उनकी आय में वृद्धि होगी और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।


शिविर में मनरेगा अंतर्गत तीन हितग्राहियों को जॉब कार्ड भी प्रदान किए गए। इनमें ग्राम कस्तूरा की सोनी कुमारी, आशा देवी एवं कमला बाई शामिल हैं। हितग्राहियों ने कहा कि जॉब कार्ड मिलने से अब उन्हें गांव में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

मौके पर मिले प्रमाण पत्र, ग्रामीणों के चेहरे खिले

सुकमा जिले के ग्राम पंचायत किस्ताराम और सिंदूरगुड़ा शिविरों में ग्रामीणों को जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र मौके पर ही वितरित किए गए। राज्य सरकार प्रशासन को गांव-गांव तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रही है। इससे ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और समय व धन दोनों की बचत हो रही है।

महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष आयोजन

शिविरों में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोद भराई कराई गई। साथ ही छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी उत्साहपूर्वक संपन्न कराया गया। इन आयोजनों ने ग्रामीणों में आत्मीयता और अपनत्व का वातावरण देखा गया। महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति शासन की संवेदनशीलता भी इस दौरान स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

ग्रामीणों ने जताया आभार

ग्रामीणों ने कहा कि पहली बार प्रशासन स्वयं उनके गांव-द्वार पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है। सुशासन तिहार के माध्यम से शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।

सुशासन तिहार बना प्रतिभाओं के सम्मान और प्रोत्साहन का मंच

जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत अमडीहा में आयोजित सुशासन शिविर में शिक्षा विभाग द्वारा मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इस शिविर में अमडीहा, बाम्हनमारा, जबला, जामबहार, घुमरा, बांसाझाल, पुराईनबंध, समडमा, केरसई, कोहपानी, लठबोरा, साजबहार, सिंगीबहार, सुंडरू, तपकरा एवं उपरकछार सहित 16 गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर के दौरान कक्षा पांचवीं एवं आठवीं की केंद्रीकृत परीक्षा में संकुल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं तथा कक्षा दसवीं एवं बारहवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अमडीहा शिविर अंतर्गत कुल 10 संकुलों के 39 मेधावी विद्यार्थियों को उच्च अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में उपस्थित पालकों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर खुशी जताई।

शिविर में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने से अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिलती है। सुशासन तिहार केवल समस्याओं के समाधान का माध्यम नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और गांव स्तर पर सकारात्मक वातावरण तैयार करने का भी प्रभावी मंच बन रहा है।

साय सरकार द्वारा संचालित सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और आमजन के बीच की दूरी को कम कर प्रशासनिक सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना है। इस पहल के माध्यम से ग्रामीणों को राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण मिल रहा है। विशेष रूप से दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में लगाए जा रहे शिविरों से लोगों का प्रशासन पर विश्वास मजबूत हुआ है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि अंतिम छोर पर बसे व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचे। सुशासन तिहार के माध्यम से लोगों को न केवल त्वरित समाधान मिल रहा है, बल्कि शासन के प्रति आत्मीयता और भरोसे की भावना भी मजबूत हो रही है। जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ किए जा रहे प्रयासों से आमजन को राहत मिल रही है तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो रहा है। सुशासन तिहार आज केवल एक प्रशासनिक अभियान नहीं, बल्कि आमजन के विश्वास, संतोष और सुगम शासन व्यवस्था का प्रतीक बनता जा रहा है।

गरीब का अपना घर, पहली प्राथमिकता, ठोस कदम

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सत्ता संभालते ही सबसे पहला और ऐतिहासिक फैसला समाज के सबसे कमजोर तबके के हक में लिया किया वह था हर गरीब को अपना पक्का मकान देना। सरकार बनते ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को जो रफ्तार मिली, उसकी मिसाल मिलना मुश्किल है। हाल ही में मुख्यमंत्री के विशेष प्रयासों से एक ही क्लिक में 3 लाख लाभार्थियों के खातों में 1,200 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई। सिर्फ गाँव ही नहीं, बल्कि PMAY&U 2-0 के जरिए शहरी और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को भी बड़ी राहत दी गई है। पुरानी विसंगतियों और तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए पूरी व्यवस्था में MIS Integration (प्रशासनिक और तकनीकी सुधार) लागू किया गया है, ताकि बिना किसी बिचौलिए और देरी के हर हकदार को उसका घर मिल सके।

सुशासन तिहार 2026 के तहत सीएम साय के प्रमुख दौरे

धमतरी जिला - मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार 2026 के तहत जिलेवासियों को 465 करोड़ रुपये की लागत के 102 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री साय ने 423 करोड़ 52 लाख 56 हजार रुपये लागत के 52 कार्यों का भूमिपूजन तथा 41 करोड़ 50 लाख 48 हजार रुपये से अधिक लागत के 50 कार्यों का लोकार्पण किया। इन विकास कार्यों के माध्यम से जिले में सड़क, पेयजल, नगरीय अधोसंरचना और जनसुविधाओं का विस्तार होगा तथा आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन, संवेदनशील प्रशासन और त्वरित समाधान की कार्यसंस्कृति के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि 1 मई से 10 जून तक आयोजित सुशासन तिहार के माध्यम से गांव-गांव में क्लस्टरवार शिविर लगाकर आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जा रहा है। राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया गया है, जिससे हजारों लोगों को राहत मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

रायगढ़ जिला - सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ के राजामहल के पास क्षेत्रीय न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल लैब) का विधिवत शुभारंभ किया। इस अत्याधुनिक प्रयोगशाला के शुरू होने से रायगढ़, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की पुलिस जांच व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलेगी। अब हत्या, दुष्कर्म, आत्महत्या और एनडीपीएस जैसे गंभीर मामलों की वैज्ञानिक जांच के लिए नमूनों को बिलासपुर भेजने की आवश्यकता काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक जांच प्रणाली से मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आज के समय में अपराधों की जांच केवल पारंपरिक तरीकों से संभव नहीं है। वैज्ञानिक साक्ष्य और फॉरेंसिक जांच अपराधियों तक पहुंचने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। रायगढ़ में इस अत्याधुनिक प्रयोगशाला के शुरू होने से पुलिस को बड़ी सुविधा मिलेगी और अपराध अनुसंधान अधिक प्रभावी होगा।

जशपुर जिला – जशपुर जिला प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री का एक मानवीय और प्रेरणादायक रूप देखने को मिला। सुशासन तिहार के दौरान जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विकासखंड पत्थलगांव के ग्राम भैंसामुड़ा पहुंचे, तो वहां प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन घरों का औचक निरीक्षण किया। गांव से गुजरते समय जब उनकी नजर हितग्राही अनुसुइया पैंकरा के निर्माणाधीन मकान पर पड़ी, तो वे तुरंत वाहन से उतरकर स्थल पर पहुंचे और कार्य की गुणवत्ता तथा प्रगति का विस्तार से अवलोकन किया।

कबीरधाम जिला – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुशासन तिहार के तहत आदिवासी वनांचल क्षेत्र कमराखोल और लोखान गांव पहुंचे. अचानक दौरा कर प्रशासनिक अमले और ग्रामीणों को चौंका दिया. इस दौरान सीएम साय ने निर्माणाधीन मकान में 'रानी मिस्त्री' के साथ ईंट जोड़ाई की. साथ ही एक बच्चे का नामकरण भी किया. सीएम सबसे पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी के घर पहुंचे. परिवार से बात कर उन्होंने योजनाओं की जमीनी स्थिति जानी. वहीं गांव में निर्माण कार्य के दौरान सीएम ने “रानी मिस्त्री” महिलाओं के साथ ईंट जोड़ाई में हाथ बंटाया. इसके बाद महुआ पेड़ के नीचे बैठकर मजदूरों के साथ बोरे-बासी, चना भाजी और आमा चटनी का स्वाद लिया.

महासमुंद जिला – सीएम विष्णुदेव साय महासमुंद के बागबाहरा क्षेत्र में पहुंचे. यहां उन्होंने कमरौद गांव में विशाल बरगद के पेड़ के नीचे चौपाल लगाई. ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी. मुख्यमंत्री ने महिलाओं से महतारी वंदन योजना की जानकारी ली, जिस पर महिलाओं ने नियमित राशि मिलने की बात कही. देव कुमारी साहू ने बताया कि वह योजना से मिलने वाली राशि अपनी बेटी के भविष्य के लिए जमा कर रही हैं. वहीं चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के पांचवीं कक्षा के छात्र पूर्वांश साहू के साथ सेल्फी लेकर बच्चों का उत्साह भी बढ़ाया. किसानों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और खाड़ी युद्ध के कारण खाद संकट की स्थिति बनी हुई है, लेकिन सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने लगातार प्रयास कर रही है. उन्होंने नैनो यूरिया के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही. साथ ही बताया कि राज्य सरकार जल्द ही ऑनलाइन शिकायत समाधान व्यवस्था और टोल फ्री नंबर शुरू करेगी, जिससे लोग घर बैठे मोबाइल से अपनी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे.

Next Story