
जशपुर। पुलिस ने गांजा तस्कर रोहित यादव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गांजा तस्करी से बनाई गई 50.64 लाख की संपत्ति को पुलिस ने फ्रिज करवाया है। सफेमा कोर्ट मुंबई के माध्यम से पुलिस ने आरोपी की संपत्ति को फ्रिज करवाया है। जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघात जारी है, पुलिस के द्वारा जहां नशे के सामान के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है, वहीं गांजा जैसे मादक पदार्थ का व्यवसाय करने वाले आदतन अपराधियों को चिन्हित कर, अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति को फ्रिज भी कराया जा रहा है।
इसी क्रम में जशपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के आदतन अपराधी, चौकी कोतबा क्षेत्रांतर्गत ग्राम जाम झोर निवासी कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव की, गांजा तस्करी से अवैध रूप से कमाई गई, मकान, गाड़ी , सहित 50 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति को सक्षम अधिकारी व प्रशासक कोर्ट (SFEMA) के आदेश पर जब्त कर, फ्रिज कराया गया। मालूम हो कि 6.11.21 को चौकी कोतबा पुलिस के द्वारा मुखबिर की सूचना पर कुख्यात तस्कर रोहित यादव व उनके साथियों के कब्जे से 20.570 किलो ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया गया था, व उनके विरुद्ध चौकी कोतबा में 20(B) एन डी पी एस का अपराध पंजीबद्ध कर, गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। कुख्यात गांजा तस्कर रोहित यादव आदतन गांजा तस्कर है, उसके खिलाफ वर्ष 2013 में भी चौकी कोतबा में 13 किलो ग्राम गांजा तस्करी के मामले में 20(B) एन डी पी एस के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था।
रोहित यादव को सिटी कोतवाली अंबिकापुर पुलिस के द्वारा भी वर्ष 2017 में 23.630 किलो ग्राम गांजा की तस्करी करते व व 2023 में 82 किलो ग्राम गांजा के साथ पकड़ा था, जहां भी पुलिस के द्वारा रोहित यादव के खिलाफ 20(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। उक्त प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस की बार बार कार्रवाई के बाद भी, तस्कर रोहित यादव, गांजा तस्करी करना नहीं छोड़ रहा था, उसके द्वारा गांजा तस्करी को अपना व्यापार बना लिया गया था। गांजा तस्करी से, रोहित यादव के द्वारा अवैध रूप से, लाखों की संपत्ति अर्जित कर ली गई थी, जबकि उसके पुश्तैनी कार्य से उक्त संपत्ति अर्जित करना अप्रासंगिक लगता था।





