छत्तीसगढ़
लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
20 Oct 2026 5:59 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घरघोड़ा पुलिस ने झपटमारी और लूटपाट की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले एक मोटरसाइकिल चालक का आईफोन छीना और इसके बाद ट्रेलर चालक को चाकू दिखाकर मोबाइल और नकदी लूट ली। दोनों मामलों में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान के रूप में हुई है। वहीं, तीसरा आरोपी समीर महंत उर्फ पप्पू फरार है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी किया गया आईफोन और वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
रास्ता रोककर युवक से छीना आईफोन
जानकारी के अनुसार, ग्राम टेरम निवासी सूरज राठिया (24 वर्ष) ने 18 अक्टूबर को घरघोड़ा थाने में झपटमारी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 13 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे वह घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान बंगाली ढाबा के सामने गतिअवरोधक के पास काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक ने उसकी जेब से आईफोन छीन लिया और तीनों आरोपी रायगढ़ रोड की ओर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 304(2) और 3(5) में अपराध दर्ज किया।
ट्रेलर चालक को चाकू दिखाकर लूटे रुपये
दूसरी वारदात 16 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे घरघोड़ा बाईपास स्थित हनुमान ईंट भट्ठे के सामने हुई। बिहार निवासी ट्रेलर चालक रंजीत कुमार सिंह (33 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि तीन युवकों ने मोटरसाइकिल से उसके ट्रेलर को ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर चालक को वाहन से नीचे उतारा और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों तथा बेल्ट से मारपीट की। आरोपियों ने उससे पांच हजार रुपये की मांग की। रकम नहीं मिलने पर बदमाशों ने उसका रेडमी मोबाइल छीन लिया। मोबाइल कवर में रखे तीन हजार रुपये नकद और ड्राइविंग लाइसेंस भी लूट लिए। आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 315/2026 के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने 24 घंटे में दो आरोपियों को दबोचा
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश शुरू की गई। थाना प्रभारी कुमार गौरव और प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत एरेवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्धों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लूटे गए मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर फेंक दिए थे और मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।
पहचान परेड में पीड़ितों ने आरोपियों को पहचाना
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथी समीर महंत उर्फ पप्पू के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने कार्यपालिक दण्डाधिकारी घरघोड़ा के समक्ष पहचान परेड कराई। इस दौरान पीड़ितों ने दोनों आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने सुरेन्द्र चौहान से वारदात में इस्तेमाल काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और चाबी जब्त की। वहीं, सुमेष प्रधान से सफेद रंग का आईफोन बरामद किया गया।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, तीसरा आरोपी समीर महंत उर्फ पप्पू, निवासी फोकटपारा घरघोड़ा, फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। अन्य लूटी गई संपत्तियों की बरामदगी के लिए भी जांच जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई में आरक्षक हरीश पटेल, उद्यो पटेल और भानु चंद्रा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story





