छत्तीसगढ़

दुर्ग शहर में ठगी की रकम खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 6 अरेस्ट

Nil dhankar
13 Feb 2026 8:18 AM IST
दुर्ग शहर में ठगी की रकम खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 6 अरेस्ट
x

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर सेल और सुपेला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 26 प्रकरणों से जुड़े संदिग्ध खातों का खुलासा हुआ है। इस दौरान एक म्यूल अकाउंट संचालित करने वाले आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है।

साइबर सेल दुर्ग ने जिले में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के मामलों की समीक्षा की। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम विभिन्न बैंकों के खातों में जमा की जा रही थी और फिर चेक के साथ अन्य बैंकिंग माध्यमों से निकाली जा रही थी। विशेष अभियान के तहत गठित टीम ने 6 खाताधारकों की पहचान कर उनसे पूछताछ की। जांच में पता चला कि एक बैंक खाता अकेले 26 अलग-अलग शिकायतों से जुड़ा है। वहीं, एक अन्य खाते में 13 लाख रुपए के संदिग्ध लेन-देन का पता चला।

इसके अतिरिक्त, 15 हजार, 38 हजार 800 रुपए से लेकर 50 लाख रुपए तक की रकम के संदिग्ध ट्रांजेक्शन भी सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, इन खातों का उपयोग ठगी की रकम निकालने और उसे आगे ट्रांसफर करने या नकद निकासी के लिए किया गया था। जांच के दायरे में आए खाताधारकों में रूपेश बंजारे, आजेंद्र साहू, जावेद शेख, सरस्वती निषाद, हेमा बिनानी और अभिषेक गुप्ता (सभी निवासी दुर्ग) शामिल हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। संबंधित बैंक खातों के दस्तावेज, चेक और लेन-देन से जुड़े अभिलेख जब्त किए गए हैं। कुछ मामलों में पहले से अपराध दर्ज हैं, जबकि अन्य में नए अपराध दर्ज कर जांच जारी है।

Next Story
null