
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दीपावली पर्व के बीच जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर से लगे कोनी थाना क्षेत्र के लच्छनपुर जंगल में मोमबत्ती की रोशनी में जुए की महफिल सजी हुई थी। जुआरी जंगल के भीतर प्लास्टिक की पन्नी बिछाकर ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगा रहे थे। इसी दौरान पुलिस की टीम ने जंगल में अचानक दबिश दे दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। हालांकि, पुलिस ने घेराबंदी कर नौ जुआरियों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से 13 हजार 900 रुपये नगद और नौ मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। कोनी थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र गुप्ता के अनुसार, दीपावली के दौरान जुआ खेलने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस टीम रात के समय गश्त और जुआ संबंधी कार्रवाई के लिए निकली थी। टीम सेंदरी, गतौरी, लोफंदी, अमतरा और लच्छनपुर क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लच्छनपुर के जंगल में कुछ लोग एकत्र होकर ताश के पत्तों से हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं।
जंगल में मोमबत्ती की रोशनी में लगा रहे थे दांव
मुखबिर की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और लच्छनपुर जंगल की ओर रवाना हुई। पुलिस ने जंगल में उस स्थान की घेराबंदी की, जहां जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि कुछ लोग प्लास्टिक की पन्नी बिछाकर बैठे हुए हैं और मोमबत्ती की रोशनी में ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगा रहे हैं। पुलिस टीम को अचानक सामने देखकर जुआरियों में भगदड़ मच गई। कई लोग मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर नौ लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों के पास से नगदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने इन 9 जुआरियों को पकड़ा
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम केवंट (29 वर्ष), निवासी गोंदइया, दीपक शिकारी (22 वर्ष), निवासी जंजीराडीह, जगन्नाथ साहू (24 वर्ष), निवासी गोंदिया, परमेश्वर ध्रुव (30 वर्ष), निवासी अमतरा, गणेश दास मानिकपुरी (40 वर्ष), निवासी लच्छनपुर और अमित कुमार साहू (26 वर्ष), निवासी लच्छनपुर के रूप में हुई है। इसके अलावा चंद्रप्रकाश पाटले (30 वर्ष), निवासी अमतरा, अनिल कुमार बंजारे (38 वर्ष), निवासी अमतरा और कृष्ण कुमार सारथी (32 वर्ष), निवासी लच्छनपुर को भी पुलिस ने पकड़ा है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
13,900 रुपये नगद और 9 मोबाइल जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पकड़े गए जुआरियों के कब्जे से कुल 13 हजार 900 रुपये नगद और नौ मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मौके पर जुआ खेलने के लिए प्लास्टिक की पन्नी बिछाई गई थी और अंधेरे में रोशनी के लिए मोमबत्ती का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिवाली आते ही सक्रिय हुए जुआरी
दीपावली पर्व शुरू होते ही शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जुआ खेलने की गतिविधियां सामने आने लगी हैं। शहर के होटल और कॉलोनियों में भी जुआ खेले जाने की जानकारी मिल रही है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में चौक-चौराहों, खेतों और सुनसान स्थानों पर जुआरियों के एकत्र होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसे देखते हुए बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस जवानों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दीपावली पर्व के दौरान लगातार पेट्रोलिंग करने और जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। पुलिस का कहना है कि जुआ जैसी अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। इसी अभियान के तहत कोनी पुलिस ने लच्छनपुर जंगल में दबिश देकर नौ जुआरियों को पकड़ा है।
Next Story





