छत्तीसगढ़
CG: स्ट्रीट लाइट और मोमबत्ती की रोशनी में चल रहा था जुआ, पुलिस ने 29 को दबोचा
Shantanu Roy
7 Nov 2026 3:22 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध जुआ-सट्टा के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत पुलिस की विशेष टीम ने खरसिया के रानीसागर और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में संचालित दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 29 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। दोनों स्थानों से पुलिस ने 9 लाख 500 रुपये नगद जब्त किए हैं। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली थी कि खरसिया के रानीसागर और कोतरारोड़ क्षेत्र के ग्राम तारापुर में अलग-अलग स्थानों पर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। सीएसपी रायगढ़ राहुल उइके और ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने दोनों स्थानों पर सुनियोजित तरीके से घेराबंदी की और एक साथ रेड कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई से जुआ फड़ों में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
रानीसागर में स्ट्रीट लाइट के नीचे चल रहा था जुआ, 19 गिरफ्तार
पहली कार्रवाई थाना खरसिया क्षेत्र के रानीसागर में की गई। यहां पुरानी हेक्सा फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ फड़ संचालित होने की सूचना मिली थी। बताया गया कि खरसिया और घरघोड़ा क्षेत्र के लोग दो पत्ती ताश के जरिए रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान 19 जुआरियों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 6 लाख 7 हजार 400 रुपये नगद बरामद किए। इसके अलावा दो गड्डी ताश और जुआ खेलने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक प्लास्टिक बोरी भी जब्त की गई।
इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश अग्रवाल (49), राधेन्द्र गुप्ता (44), विकास अग्रवाल (49), राजकमल अग्रवाल (38), अभिषेक अग्रवाल (36), विनय अग्रवाल (36), अमोल अग्रवाल (40), संदीप अग्रवाल (41), आलोक अग्रवाल (45), संजय कुमार (38), पारस उर्फ पिन्टु (36), अंकित कुमार (36), मुरली अग्रवाल (38), हासित गुप्ता (48), प्रतीक अग्रवाल (38), अमन कुमार (30), दिनेश अग्रवाल (53), शिवम अग्रवाल (25) और नरेश कुमार (58) शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी खरसिया, घरघोड़ा और रायगढ़ क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
तारापुर में मोमबत्ती की रोशनी में खेल रहे थे जुआ
दूसरी कार्रवाई कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में की गई। यहां एचपी गैस एजेंसी के पास दीवार किनारे मोमबत्ती की रोशनी में ताश के पत्तों से जुआ खेले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलने पर सीएसपी राहुल उइके, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह और कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे कुछ लोग मौके से भागने लगे। हालांकि, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 10 जुआरियों को पकड़ लिया। ये सभी रुपये-पैसों का दांव लगाकर काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 2 लाख 93 हजार 100 रुपये नगद बरामद किए। इसके साथ ही 52 पत्ती वाली ताश की गड्डी भी जब्त की गई।
तारापुर से गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश यादव (44), चमनदीप सिंह (23), रौनक अग्रवाल (37), राजीव लोचन बेहरा (40), आकाश गर्ग, विकास अग्रवाल, प्रिंस सलूजा (27), पंकज कुमार महथा (41), रजत गोयल (31) और यश अग्रवाल (29) शामिल हैं। सभी आरोपी रायगढ़ शहर के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं।
दोनों कार्रवाई में 9 लाख से ज्यादा की रकम बरामद
रायगढ़ पुलिस की दोनों संयुक्त कार्रवाइयों में कुल 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। रानीसागर से 6 लाख 7 हजार 400 रुपये और तारापुर से 2 लाख 93 हजार 100 रुपये बरामद हुए हैं। इस तरह पुलिस ने कुल 9 लाख 500 रुपये नगद जब्त किए हैं। इसके अलावा ताश की गड्डियां और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री भी जब्त की गई है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इन जुआ फड़ों का संचालन किस तरह किया जा रहा था और इनके पीछे अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है।
एसएसपी बोले- अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगा एक्शन
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध ऑपरेशन अंकुश के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस संयुक्त कार्रवाई में सीएसपी राहुल उइके, ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, खरसिया थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, कोतरारोड़ थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह सहित पुलिस के अधिकारी और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष टीम में प्रशिक्षु उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षक, महिला प्रधान आरक्षक और आरक्षक शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले में जुआ खेलने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Next Story





