छत्तीसगढ़

दीपावली पर जुआरियों की उड़ी नींद, पुलिस ने जब्त की 31 लाख की संपत्ति, 16 गिरफ्तार

SHIDDHANT
9 Nov 2026 4:04 PM IST
दीपावली पर जुआरियों की उड़ी नींद, पुलिस ने जब्त की 31 लाख की संपत्ति, 16 गिरफ्तार
x
छत्तीसगढ़
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में दीपावली के दिन मुर्गा बाजार की आड़ में चल रहे जुए के खेल का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। चारामा थाना क्षेत्र के पूरी गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 16 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 54 हजार रुपये से अधिक नकदी, तीन कार और छह बाइक समेत करीब 31 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस की दबिश से मौके पर भगदड़ मच गई।
जानकारी के मुताबिक, चारामा क्षेत्र के पूरी गांव में मुर्गा बाजार की आड़ में बड़ी संख्या में लोगों के जुआ खेलने की सूचना पुलिस को मिली थी। दीपावली के दिन यहां रुपयों का दांव लगाया जा रहा था। सूचना मिलते ही चारामा और कोरर थाना पुलिस की अलग-अलग टीमें कार्रवाई के लिए रवाना हुईं।
पुलिस को देखते ही भागने लगे जुआरी
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान मुर्गा बाजार में सैकड़ों लोग मौजूद थे। अचानक पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने लगे। हालांकि, पुलिस ने घेराबंदी कर 16 लोगों को पकड़ लिया।
तीन कार और छह बाइक भी जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 54 हजार रुपये से अधिक नकदी बरामद की। इसके अलावा तीन कार और छह बाइक भी जब्त की गईं। जब्त नकदी और वाहनों सहित कुल संपत्ति की कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई गई है। जानकारी के अनुसार, इस इलाके में मुर्गा बाजार की आड़ में जुआ संचालित होने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। इसी आधार पर पुलिस ने योजना बनाकर छापेमारी की। दीपावली के दिन हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
Next Story