छत्तीसगढ़

बिजली उपभोक्ता से बने ऊर्जा उत्पादक, पीएम सूर्य घर योजना ने बदली यश अग्रवाल की सोच

Nil dhankar
28 July 2026 4:48 PM IST
बिजली उपभोक्ता से बने ऊर्जा उत्पादक, पीएम सूर्य घर योजना ने बदली यश अग्रवाल की सोच
x

सूरजपुर। प्रदूषण मुक्त और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित पीएम सूर्य घर - मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। योजना के माध्यम से लोग अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर न केवल बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत कर रहे हैं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में भी अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।

सूरजपुर जिले के भैयाथान रोड निवासी यश अग्रवाल इस योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में प्रेरणादायक उदाहरण बने हैं। उन्होंने अपने घर की छत पर 05 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराया है। इसके लिए उन्हें केंद्र सरकार से 78,000रू. की सब्सिडी प्राप्त हुई, वहीं राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही 30,000रू. की अतिरिक्त अनुदान राशि का भी लाभ मिला।

अग्रवाल बताते हैं कि पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल लगभग 6,000रू. आता था। सौर संयंत्र स्थापित होने के बाद बिजली बिल में भारी कमी आई है। अब प्रतिदिन उत्पन्न होने वाली बिजली का उपयोग वे अपनी घरेलू आवश्यकताओं के लिए करते हैं तथा अतिरिक्त बिजली विद्युत ग्रिड के माध्यम से विभाग को उपलब्ध कराई जाती है।

यश अग्रवाल गर्व के साथ कहते हैं, ‘एक समय था जब हम केवल बिजली के उपभोक्ता थे, लेकिन आज हम बिजली का उत्पादन भी कर रहे हैं।‘ उनके अनुसार यह योजना आर्थिक बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

यश अग्रवाल ने जिले के अन्य नागरिकों से भी पीएम सूर्य घर - मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की अपील की है। उनका कहना है कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा अपनाकर न केवल बिजली खर्च कम किया जा सकता है, बल्कि आने वाली पीढि़यों के लिए स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने इस जनहितकारी योजना के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

Next Story