छत्तीसगढ़
पत्नी पर कमेंट से भड़का दोस्त, पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश
Shantanu Roy
3 Aug 2026 11:57 PM IST

x
छग
Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। दोस्त की पत्नी को लेकर की गई टिप्पणी से नाराज एक युवक ने अपने ही दोस्त पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। इस हमले में पीड़ित युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि आग लगाने वाला आरोपी भी आग की चपेट में आकर घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामला रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम बुंदेली का है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बुंदेली निवासी आनंद मंझवार अपने दोस्त संजय कुमार कंवर के साथ गांव में रहने वाले संतराम के घर गया था। दोनों वहां से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में गांव का ही रहने वाला लीला सिंह अगरिया अपने घर के सामने खड़ा मिला। बताया जा रहा है कि इसी दौरान आनंद, संजय और लीला सिंह के बीच बातचीत शुरू हुई। बातचीत के दौरान किसी घरेलू मामले को लेकर लीला सिंह ने आनंद पर टिप्पणी कर दी। इसके जवाब में आनंद ने भी लीला सिंह को लेकर कुछ टिप्पणी कर दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
विवाद बढ़ने से गुस्साए लीला सिंह ने अचानक अपने घर के अंदर जाकर पेट्रोल से भरी बोतल निकाली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आनंद कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आरोपी ने उसके ऊपर पेट्रोल डाल दिया और माचिस से आग लगा दी। अचानक हुए इस हमले से आनंद बुरी तरह घबरा गया और आग की लपटों से घिर गया। अपनी जान बचाने के लिए आनंद ने हिम्मत दिखाई और करीब 100 मीटर दूर स्थित डबरी नुमा तालाब में छलांग लगा दी। तालाब में कूदने से आग बुझ गई और उसकी जान बच सकी। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों और दोस्त संजय ने उसे बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में भर्ती आनंद का इलाज जारी है। आग लगने से उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, आरोपी लीला सिंह भी घटना के दौरान आग की चपेट में आ गया और उसका एक हाथ झुलस गया। बताया जा रहा है कि पेट्रोल डालकर आग लगाने के दौरान आग आरोपी तक भी पहुंच गई थी। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से संजय कुमार कंवर ने रजगामार पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद चौकी प्रभारी विनोद सिंह अपनी टीम के साथ ग्राम बुंदेली पहुंचे और आरोपी लीला सिंह को हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह पत्नी को लेकर की गई टिप्पणी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की और उसे न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है। इस घटना ने गांव में भी सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक युवक की जान पर बन आई।
Tagsकोरबा न्यूजरजगामार पुलिसबुंदेली गांव घटनादोस्त पर पेट्रोल डालकर हमलाजिंदा जलाने की कोशिशयुवक ने तालाब में कूदकर बचाई जानछत्तीसगढ़ क्राइम न्यूजKorba Crime NewsRajgamar PolicePetrol Attack CaseFriendship DisputeAttempt To Murder CaseChhattisgarh Breaking NewsPolice ActionLocal Crime ReportCG Newsआरोपी गिरफ्तारन्यायिक रिमांडअपराध समाचारKorba NewsBundeli village incidentattack involving petrol poured on a friendattempted burning aliveyouth saved his life by jumping into a pondChhattisgarh crime newsaccused arrestedjudicial remandcrime report.
Next Story





