छत्तीसगढ़

अब तक 4 मजदूरों की हुई मौत, RKM पॉवर प्लांट में हुआ है हादसा

Nilmani Pal
8 Oct 2025 1:54 PM IST
अब तक 4 मजदूरों की हुई मौत, RKM पॉवर प्लांट में हुआ है हादसा
x

सक्ती। जिले के डभरा में स्थित आरकेएम पावर प्लांट में ऊंचाई से लिफ्ट गिरने के मामले में अब तक चार मजदूरों की मौत हो गई है। घटना के छह अन्य मजदूर बुरी तरह घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए रायगढ़ स्थित फॉर्टिस जिंदल अस्पताल लाया गया है जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों के मुताबिक प्लांट में रोज की तरह काम चल रहा था। इस दौरान प्लांट में लगे लिफ्ट में 10 मजदूर सवार होकर पांचवें माले पर जा रहे थे। बाकी के पांच और मजदूर प्लांट के पास ही खड़े थे। लिफ्ट को 75 मीटर ऊंचाई तक पहुंचना था लेकिन 40 मीटर की ऊंचाई पर पहुंचते ही अचानक लिफ्ट का केबल टूट गया। लिफ्ट ऊंचाई से जमीन पर गिरा।

प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों के मुताबिक जब उन्हें जोर से आवाज सुनाई दी तब उन्हें हादसे का पता चला। आनन फानन में मजदूरों ने प्रबंधन को सूचना दी जिसके बाद मजदूरों को अस्पताल के लिए रवाना किया गया। प्लांट में काम कर रहे श्रमिकों का कहना है कि लिफ्ट काफी पुरानी थी और लंबे समय से मेंटेनेंस नहीं हुआ था। इसी वजह से हादसा हुआ है।

साथी श्रमिक और मृतकों के परिजन मामले में उचित मुआवजे के साथ घटना की निष्पक्ष जांच और प्लांट प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इधर घटना के बाद घायल श्रमिकों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं मृतकों के शवों का पंचनामा के बाद पीएम की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अधिकारी जांच की बात कह रहे हैं।

Next Story
null