छत्तीसगढ़
चोरी की चार वारदातें, सोना-चांदी समेत लाखों का सामान पार, पुलिस जांच में जुटी
Shantanu Roy
21 May 2026 11:19 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। Bilaspur जिले में चोरी की लगातार घटनाओं ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिरगिट्टी, सीपत, सिविल लाइन और कोतवाली थाना क्षेत्रों में चार अलग-अलग घरों में धावा बोलकर चोरों ने सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। फिलहाल पुलिस किसी भी मामले में आरोपियों का सुराग नहीं लगा पाई है।
पहली घटना यदुनंदन नगर श्याम परिसर में हुई, जहां भुनेश्वर दुबे अपने घर को ताला लगाकर ससुराल राजिम गए हुए थे। 19 मई को पड़ोसी ने उन्हें फोन कर घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि अलमारी खुली हुई है और उसमें रखे सोने के झूमके, चेन, अंगूठी, बिंदिया, बाली, पायल और करधन समेत कई जेवर चोरी हो गए हैं। साथ ही रोशनदान भी टूटा हुआ पाया गया।
दूसरी घटना सीपत खम्हरिया में हुई, जहां प्रिंस खरे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर कोरबा गए थे। वापसी पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अलमारी से सोने की माला, टॉप्स, अंगूठी, लॉकेट, नथनी, चांदी की चेन, कमरबंद, बाजूबंद और नकदी समेत कई सामान गायब था।
तीसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुदूदण्ड चांदनी चौक में सामने आई, जहां मोमोज दुकान संचालक राज चंद्रा का मोबाइल चोरी हो गया। बताया गया कि वह मोबाइल को तकिए के नीचे रखकर सोए हुए थे और सुबह उठने पर मोबाइल गायब मिला, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
चौथी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के टिकरापारा मन्नू चौक में हुई, जहां काजल कुर्रे के घर से मोबाइल, टैबलेट और साउंड बॉक्स चोरी हो गया। घटना के समय वह घर में सो रही थीं और उठने पर सामान गायब पाया गया।
लगातार हो रही इन चोरी की घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक किसी भी मामले में चोरों की पहचान या गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय गश्त बढ़ाई जानी चाहिए और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी कड़ी की जाए ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
Next Story





