छत्तीसगढ़

अपने ही स्कूल में चोरी करने पहुंचे पूर्व छात्र, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Shantanu Roy
3 Nov 2025 9:30 PM IST
अपने ही स्कूल में चोरी करने पहुंचे पूर्व छात्र, पुलिस ने किया गिरफ्तार
x
छग
Balod. बालोद। जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र से एक अजीब मामला सामने आया है, जहां दो युवकों ने उसी स्कूल में चोरी की घटना को अंजाम दिया, जहां वे कभी पढ़ाई करते थे। स्कूल का ताला तोड़कर दोनों ने रातों-रात माइक सेट, इंडक्शन और स्मार्ट टीवी सहित हजारों रुपए का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना ग्राम भेड़ी प्राथमिक स्कूल की है। जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2025 की रात दो युवक स्कूल परिसर में घुसे और वहां रखे एक नग इंडक्शन, माइक सेट बॉक्स और स्मार्ट टीवी चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 19,640 रुपये आंकी गई है।
शिक्षक ने दर्ज कराई रिपोर्ट, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना का पता तब चला जब स्कूल के सहायक अध्यापक सुबह पहुंचे और मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा। कमरे के भीतर जाकर देखा तो टीवी, इंडक्शन और माइक सेट गायब थे। शिक्षक ने तत्काल मामले की जानकारी डौंडीलोहारा पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने आसपास के गांवों में पूछताछ की और संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू की।
पूर्व छात्रों ने ही की चोरी, पुलिस ने भिलाई से पकड़ा
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी में गांव के ही दो युवक शामिल हैं, जो हाल ही में भिलाई में देखे गए हैं। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने आर्य नगर कोहका (भिलाई) में दबिश दी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान विजय कुमार ठाकुर (31 वर्ष, पिता स्व. भागीराम ठाकुर) और दुष्यंत कुमार उर्फ दिशु सुधाकर (25 वर्ष, पिता ढालसिंह सुधाकर), दोनों निवासी ग्राम भेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है।
जिस स्कूल से सीखा, वहीं से चुराया
जांच में यह बात सामने आई कि दोनों आरोपी कभी इसी भेड़ी प्राथमिक स्कूल में पढ़ते थे। इसलिए वे स्कूल परिसर के हर हिस्से और दरवाजे की बनावट से भली-भांति वाकिफ थे। उन्हें पता था कि किन कमरों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रखे जाते हैं और वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
डौंडीलोहारा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 457, 380 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया है। चोरी का सामान जब्त करने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना युवाओं में बढ़ती असंवेदनशीलता और गलत संगत के कारण हुई। दोनों आरोपियों ने आर्थिक तंगी को कारण बताते हुए अपराध करना कबूल किया है।
Next Story