
कोंटा. सुकमा जिले के कोंटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढोण्डरा गांव में सोमवार की रात करीब 7.30 बजे सड़क हादसे में वन विभाग के असिस्टेंट रेंजर शिव कुमार बडघी की मौके पर मौत हो गई. हादसा प्राथमिक स्कूल के समीप उस वक्त हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक सवार की सड़क किनारे खड़ी हाइवा से जोरदार टक्कर हो गई.
जानकारी के अनुसार, भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बाइक सवार शिव कुमार बडघी को सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत वहां जुट गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस हाइवा से टक्कर हुई वह खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी की गई थी. गंभीर लापरवाही यह रही कि वाहन चालक द्वारा किसी प्रकार की बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे. तेज रफ्तार के बीच बिना किसी संकेत के खड़ा भारी वाहन हादसे का बड़ा कारण बना. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.





