छत्तीसगढ़

सूरजपुर में बाढ़ आई, आवागमन पूरी तरह प्रभावित

Nil dhankar
22 July 2026 10:39 AM IST
सूरजपुर में बाढ़ आई, आवागमन पूरी तरह प्रभावित
x

सूरजपुर। जिले में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। रामानुजनगर क्षेत्र के मोहनपुर स्थित झींक नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने लगा है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पुल पर पानी चढ़ने के कारण कई बसों को रास्ते में रोकना पड़ा, वहीं आसपास के गांवों का मुख्यालय से संपर्क भी टूट गया है।

लगातार बारिश के चलते झींक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। मोहनपुर के पास बने पुल के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को पुल पार नहीं करने की सलाह दी जा रही है। पुल के ऊपर पानी बहने से श्यामपुर, उमेश्वरपुर सहित कई गांवों का रामानुजनगर मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों को आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

रामानुजनगर मार्ग पर पानी भरने के कारण कई बसों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा। यातायात बाधित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे जरूर खिल उठे हैं, क्योंकि इससे खेतों में नमी बढ़ी है और खरीफ फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं दूसरी ओर जलभराव और आवागमन बाधित होने से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है।

Next Story