छत्तीसगढ़

राशन दुकान का ताला तोड़कर 5 बोरी चावल चोरी, दो गिरफ्तार

Shantanu Roy
14 Sept 2026 5:56 PM IST
राशन दुकान का ताला तोड़कर 5 बोरी चावल चोरी, दो गिरफ्तार
x
छग
Mungeli. मुंगेली। जिले के ग्राम साल्हेघोरी स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान का ताला तोड़कर पांच बोरी चावल चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। साइबर सेल और चौकी डिंडौरी की संयुक्त टीम ने मामले में चोरी करने के एक आरोपी और कथित रूप से चोरी का चावल खरीदने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की पांचों बोरी चावल बरामद कर ली गई हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में शामिल बताया गया एक अन्य आरोपी पहले से दूसरे प्रकरण में बिलासपुर जेल में बंद है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम साल्हेघोरी निवासी जलेश्वर साहू शासकीय उचित मूल्य की दुकान में विक्रेता हैं। उन्होंने 28 अगस्त 2026 को चौकी डिंडौरी में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि 27 अगस्त की शाम करीब 6 बजे राशन वितरण का काम पूरा करने के बाद वह दुकान में ताला लगाकर अपने घर चले गए थे। अगली सुबह करीब 6:40 बजे जब वह राशन दुकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। दुकान के अंदर जाकर सामान की जांच करने पर पांच बोरी चावल गायब मिले। पूरक कथन के आधार पर चोरी किए गए चावल की कीमत शासन द्वारा निर्धारित 34.31 रुपए की दर से कुल 13 हजार 724 रुपए बताई गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 119/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 331(4), 305(3), 317(2) और 3(5) के तहत मामले की जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में अज्ञात आरोपियों की तलाश और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए साइबर सेल एवं चौकी डिंडौरी की संयुक्त टीम बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला और उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में टीम ने अलग-अलग स्तर पर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी जानकारी के आधार पर ग्राम सारधा निवासी रामानंद अहिरवार की भूमिका संदिग्ध पाई गई।

टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने अपने साथी राजेश सारथी के साथ चोरी की घटना में शामिल होने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, दोनों कथित तौर पर एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 E 4456 से ग्राम साल्हेघोरी पहुंचे थे। यहां शासकीय उचित मूल्य की दुकान का ताला तोड़कर पांच बोरी चावल चोरी किए गए। पुलिस का कहना है कि चोरी किए गए चावल को बाद में ग्राम गोंड खाम्ही निवासी अनिल साहू के घर-दुकान में बेच दिया गया था। इस जानकारी के बाद पुलिस ने अनिल साहू से पूछताछ की और उसके कब्जे से पांच बोरी चावल बरामद करने का दावा किया।

इसके बाद सारधा निवासी रामानंद अहिरवार (27) और गोंड खाम्ही निवासी अनिल साहू (30) को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को 14 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं प्रकरण में शामिल बताया गया राजेश सारथी वर्तमान में एक अन्य मामले में बिलासपुर जिले की जेल में निरुद्ध है। उसके संबंध में पुलिस पृथक रूप से वैधानिक कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई में साइबर सेल और चौकी डिंडौरी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त भूमिका रही। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
Next Story