इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप में लगी आग, बैटरी में विस्फोट से घटना की आशंका

राजनांदगांव। शहर के वीआईपी रोड स्थित अशदीप इलेक्ट्रॉनिक्स में शनिवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। कौरीन भाटा, बसंतपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में दुकान की छत पर लगे सोलर पैनल सिस्टम की बैटरी में विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है।आग से सोलर सिस्टम पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया, जबकि गोदाम में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान और फर्नीचर को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे बहुमंजिला इमारत की ऊपरी छत पर अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने सोलर पैनल सिस्टम को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में काले धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा। मुख्य मार्ग पर धुआं फैलने से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के समय दुकान खुली हुई थी। नीचे कार्यरत कर्मचारियों ने छत से धुआं उठते देखा और तत्काल ऊपर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आग की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत पुलिस और नगर निगम के अग्निशमन विभाग को सूचना दी। साथ ही दुकान संचालक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। कर्मचारियों की तत्परता के कारण आग को मुख्य शोरूम और निचली मंजिलों तक फैलने से रोक लिया गया। इससे दुकान में रखे लाखों रुपये मूल्य के सामान को बचाया जा सका।





