छत्तीसगढ़

विधायक के ड्राइवर पर FIR दर्ज, छेड़छाड़ का मामला

Nilmani Pal
11 Aug 2025 10:25 AM IST
विधायक के ड्राइवर पर FIR दर्ज, छेड़छाड़ का मामला
x
छग

अंबिकापुर. एक युवती ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के ड्राइवर पर छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगाया है. युवती ने मामले की रिपोर्ट सीतापुर थाने में दर्ज कराई है. युवती का कहना है कि वह अपनी सहेली के घर जाने के दौरान बड़े पिता के भाई से बात कर रही थी. इसी बीच विधायक का ड्राइवर वहां पहुंचा और उसे पकड़कर छेड़छाड़ की. विरोध करने पर उसने उसे 3-4 थप्पड़ मारे.

सीतापुर थाना क्षेत्र निवासी 29 वर्षीय आदिवासी समाज की युवती ने थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के दिन उससे सीतापुर विधायक के ड्राइवर ग्राम ढेलसरा निवासी उमेश प्रधान ने छेड़छाड़ व मारपीट की है. उसने बताया कि वह शाम 4 बजे अपनी स्कूटी से सहेली के घर जा रही थी. रास्ते में आदर्शनगर हनुमान चौक के पास बड़े पापा का लड़का मिला. वह उससे रुक कर बात कर ही रही थी कि उमेश प्रधान वहां आया और गाली-गलौज करते हुए उसे खींचकर जकड़ लिया. जब उसने विरोध किया तो उमेश प्रधान ने उसे 3-4 थप्पड़ मारे. उसने कहा कि जब फोन करता हूं तो उठाती नहीं हो और दूसरे लड़कों से बात करती हो.

युवती का कहना है कि मारपीट की घटना के बाद वह अन्य लोगों के साथ विधायक से मिलने गई थी, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई, विधायक ने अपने ड्राइवर का ही सपोर्ट किया. मामले में युवती की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी ड्राइवर उमेश प्रधान के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351 (2), 115(2) व 74 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है. इधर विधायक ने ड्राइवर को कार्यालय से हटा दिया है.

Next Story
null