छत्तीसगढ़
सीएम पोर्टल की शिकायत वापस लेने के बदले 10 हजार की वसूली, कांग्रेस नेता पर FIR
Shantanu Roy
29 Nov 2026 7:50 PM IST

x
छग
Gariaband. गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर दर्ज शिकायत वापस लेने के बदले पैसे मांगने का मामला सामने आया है। गरियाबंद सिटी कोतवाली पुलिस ने कांग्रेस नेता हाफिज खान उर्फ पिंटू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। कसाबाय ग्राम पंचायत के सचिव घनश्याम नेताम की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में नामजद व्यक्ति की गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, हाफिज खान पर ग्राम पंचायतों के सरपंचों और पंचायत सचिवों से शिकायत वापस लेने के एवज में पैसे मांगने का आरोप है। कसाबाय पंचायत के सचिव घनश्याम नेताम ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल 1076 पर पंचायत के कामकाज से संबंधित दर्ज शिकायत को वापस लेने के बदले उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई थी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 16 नवंबर को मालगांव स्थित उनकी टेंट की दुकान पर मुलाकात के दौरान भी हाफिज खान ने पैसे देने का दबाव बनाया था। आरोप है कि पैसे नहीं देने और शिकायत का मामला समाप्त नहीं होने की स्थिति में उन्हें परेशान करने तथा पंचायत का कामकाज नहीं करने देने की बात कही गई थी। इसके बाद पंचायत सचिव ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस से की। पुलिस को सौंपे गए आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि हाफिज खान ने अब तक मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर 30 से अधिक शिकायतें दर्ज कराई हैं। इनमें अधिकांश शिकायतें विभिन्न ग्राम पंचायतों के कामकाज से संबंधित बताई गई हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कई मामलों में संबंधित लोगों से समझौता करने के बाद ओटीपी लेकर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को बंद कराया गया था।
बताया जा रहा है कि इस तरह की गतिविधियों से नाराज कुछ ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने पहले भी सामूहिक रूप से हस्ताक्षर कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन के माध्यम से संबंधित मामले में कार्रवाई की मांग की गई थी। अब पंचायत सचिव की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने विधिवत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। गरियाबंद सिटी कोतवाली थाना प्रभारी गुणेश्वरी नरेटी ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर हाफिज खान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नामजद व्यक्ति को जल्द गिरफ्तार करने की बात भी कही है। वहीं, एसडीओपी गरिमा दादर ने मामले की पुष्टि करते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी है। इस पूरे मामले में कांग्रेस संगठन की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है।
कांग्रेस नेता मलकीत सिंह गेंदूं ने बताया कि हाफिज खान को करीब तीन से चार महीने पहले ही संगठन के दायित्व से हटा दिया गया था। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी हाफिज खान के खिलाफ कुछ शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। हालांकि, संगठन के कार्यालय पहुंचकर संबंधित रिकॉर्ड देखने के बाद ही इस संबंध में विस्तृत जानकारी देने की बात कही है। मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निपटारे के बदले कथित रूप से पैसे मांगने का यह मामला प्रशासनिक शिकायत निवारण व्यवस्था के दुरुपयोग से जुड़ी चिंताओं को भी सामने लाता है। शिकायतकर्ता द्वारा किए गए दावों और पूर्व में दर्ज शिकायतों की जांच से मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल गरियाबंद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हाफिज खान की गिरफ्तारी की पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं, उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों पर उनका पक्ष भी उपलब्ध नहीं है। पुलिस विवेचना के बाद ही पूरे मामले से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
Next Story





