छत्तीसगढ़

महिला आरक्षक ने मासूम बच्चे के लिए किया 18वां स्वैच्छिक रक्तदान

Nil dhankar
2 Aug 2026 1:09 PM IST
महिला आरक्षक ने मासूम बच्चे के लिए किया 18वां स्वैच्छिक रक्तदान
x

धमतरी। पुलिस ने की सेवा भावना की मिसाल की है, कल रात्रि लगभग 10:00 बजे रेडक्रास सोसायटी के शिवा प्रधान द्वारा महिला आरक्षक अमृता सेंगर को एक मासूम बच्चे को तत्काल रक्त की आवश्यकता होने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही महिला आरक्षक अमृता सेंगर ने बिना किसी विलंब के रक्तदान केंद्र पहुंचकर अपना 18वां स्वैच्छिक रक्तदान किया। उनके इस संवेदनशील एवं मानवीय प्रयास से जरूरतमंद बच्चे के उपचार में महत्वपूर्ण सहायता मिली।

महिला आरक्षक अमृता सेंगर पुलिस विभाग में अपने कर्तव्यों के निर्वहन के साथ-साथ मानव सेवा एवं जनसेवा के कार्यों में सदैव सक्रिय रहती हैं। जरूरतमंद बच्चे के लिए तत्काल रक्तदान हेतु आगे आना उनकी संवेदनशीलता, कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवाभाव का परिचायक है।

एसपी धमतरी ने महिला आरक्षक अमृता सेंगर के इस सराहनीय एवं मानवीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उनके सेवाभाव एवं समर्पण की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय समाज के साथ खड़े होकर मानवता की सेवा करना भी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण दायित्व है। पुलिस द्वारा पूर्व में भी समय-समय पर जरूरतमंद मरीजों एवं आपात स्थिति में रक्त की आवश्यकता वाले लोगों के लिए अधिकारी - कर्मचारियों द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान किया जाता रहा है। पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी ड्यूटी के साथ मानवीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए जरूरतमंदों के लिए रक्तदान कर जीवन बचाने में अपना योगदान देते रहे हैं।

महिला आरक्षक अमृता सेंगर का 18वां स्वैच्छिक रक्तदान इसी सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय दायित्व की प्रेरणादायी मिसाल है। उनका यह कार्य धमतरी पुलिस के प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी के लिए प्रेरणा का विषय है और समाज के अन्य लोगों को भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करता है। पुलिस महिला आरक्षक अमृता सेंगर को उनके 18वें स्वैच्छिक रक्तदान के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करती है। धमतरी पुलिस उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर जनसेवा के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करती है।

Next Story