आम पेड़ के नीचे किसान की मौत, मौसम बदलते ही आसमान से गिरी गाज

कवर्धा। जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि, बारिश से बचने के लिए किसान आम के पेड़ के नीचे खड़ा हुआ था, तभी अचानक बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 46 वर्षीय रामजी पटेल पिता फेरू पटेल निवासी ग्राम पंचायत रौचन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, रामजी पटेल अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश शुरू होने पर वे बरकोही बांध के पास एक आम के पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए खड़े हो गए। तभी अचानक आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पूरे गांव में मातम का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





