छत्तीसगढ़

नकली नाटक, असली मौत, नवविवाहिता ने रीलबाजी के चक्कर में गंवाई जान

Nilmani Pal
18 Jun 2026 8:20 AM IST
नकली नाटक, असली मौत, नवविवाहिता ने रीलबाजी के चक्कर में गंवाई जान
x
छग

रायगढ़। शहर के कोष्टापारा नया गंज मोहल्ले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रील बनाने के दौरान 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर के कमरे में सीलिंग फैन से लटका मिला। घटना का पूरा घटनाक्रम मृतका के मोबाइल फोन में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान विशाखा देवांगन (22 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि दोपहर में जब वे घर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजे की दरार से झांककर देखा गया, जहां महिला फंदे पर लटकी हुई दिखाई दी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतका के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है, जिसमें वह फंदा लगाकर वीडियो रिकॉर्ड करती हुई दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि महिला सोशल मीडिया के लिए रील बना रही थी और इसी दौरान हादसा हो गया।


Next Story