छत्तीसगढ़

रायपुर में फेब्रिकेशन दुकानदार से मारपीट, FIR दर्ज

Shantanu Roy
6 July 2025 9:04 PM IST
रायपुर में फेब्रिकेशन दुकानदार से मारपीट, FIR दर्ज
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में एक फेब्रिकेशन दुकानदार के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। टुरी हटरी कैलाश गली स्थित सरस्वती स्कूल के सामने स्थित "सोनी रोलिंग शटर फेब्रिकेशन" नामक दुकान में घुसकर पटेल समाज के 30 से 35 लोगों ने कथित तौर पर गाली-गलौज, तोड़फोड़ और मारपीट की। घटना को लेकर पीड़ित दुकानदार ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित युवक, जो बीएससी तक पढ़ा है और फेब्रिकेशन का काम करता है, ने बताया कि वह उक्त दुकान को वर्ष 2000 से पटेल समाज से किराये पर लेकर चला रहा है। दुकान को खाली कराने का विवाद फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। इसी बीच, 5 जुलाई 2025 की दोपहर करीब 2 बजे पटेल समाज की एक सामाजिक बैठक के बाद समाज के 30–35 सदस्य एकत्र होकर उसकी दुकान में आ धमके।

पीड़ित का आरोप है कि इन लोगों ने दुकान में रखे सामान को इधर-उधर फेंका, उसे माँ-बहन की गालियाँ दी और जब उसने विरोध किया, तो शिवनारायण पटेल, मुकेश पटेल समेत अन्य लोगों ने हाथ-मुक्के, लात-घूंसों से उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। पीड़ित के अनुसार हमले में उसे कमर, गर्दन, सिर, पेट और पैरों में गंभीर दर्द है। घटना को ईदगाहभाठा निवासी पुरुषोत्तम शर्मा, महामाईपारा निवासी बबलु यादव, नेहरू नगर के सुनील चतुर्वेदी, फूल चौक निवासी राजू बागड़े समेत अन्य राहगीरों ने देखा और गवाही देने को तैयार हैं। फिलहाल, पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की बात कही है। यह मामला न्यायालय में लंबित किरायेदारी विवाद के कारण और अधिक संवेदनशील बन गया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Next Story