पुलिस अधिकारी का नाम लेकर साइकिल स्टैंड में वसूली, एक गिरफ्तार

दुर्ग। भिलाई में स्मृत नगर चौकी प्रभारी के नाम की धौंस दिखाकर अवैध साइकिल स्टैंड चलाने का मामला सामने आया है। जब वहां के पार्षद पति ने विरोध जताया और चौकी प्रभारी को फोन कर जानकारी दी तो चौकी प्रभारी ने एक युवक को पकड़कर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की, वहीं 2 लोग मौके भाग गए।
पार्षद पति सुमन सागर सिन्हा ने बताया कि मामला स्मृति नगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 13 पुरानी बस्ती कोहका का है। यहां हर मंगलवार को साप्ताहिक मंगल बाजार लगता है। मंगलवार शाम को यहां तीन लोग बाकायदा मंगल बाजार साइकिल स्टैंड के नाम पर पर्ची छपवाकर वहां साइकिल, बाइक और कार खड़ी करने वाले लोगों से किराया वसूल रहे थे।
शिकायत पर स्मृति नगर चौकी से पेट्रोलिंग गाड़ी आई। पुलिस वाले स्टैंड संचालक को पकड़कर चौकी ले गए। इसके बाद उसके खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया। वहीं दो लोगों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।





