
x
छग
Raipur. रायपुर। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर घोषित शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत रायपुर जिले में अलग-अलग स्थानों पर छापेमार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त की गई है। आबकारी विभाग की टीम ने तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किए हैं। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश की महंगी विदेशी शराब समेत देशी मदिरा और बीयर बरामद की गई। विभाग ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ढाबे से विदेशी शराब बरामद
आबकारी विभाग की पहली कार्रवाई पाजी द पिंड ढाबा में की गई। यहां टीम ने आरोपी ईशु पाल भसीन के कब्जे से विदेशी मदिरा बरामद की। जांच के दौरान आरोपी की होंडा WR-V कार में अलग-अलग ब्रांड की व्हिस्की की कुल आठ बोतलें मिलीं। जब्त शराब की कुल मात्रा छह लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत करीब 15 हजार 856 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार की अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई गई है। आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की गैर-जमानती धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
खम्हारडीह क्षेत्र में देशी शराब और बीयर जब्त
दूसरी कार्रवाई थाना खम्हारडीह क्षेत्र में की गई। यहां आबकारी टीम ने आरोपी राजू मलिक के कब्जे से देशी मदिरा मसाला के 21 पाव और बीयर की दो बोतलें बरामद कीं। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.08 बल्क लीटर है, जिसकी कीमत करीब 2 हजार 580 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
सोनबेरी में भी अवैध शराब पकड़ी
इसी अभियान के तहत मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम सोनबेरी में भी कार्रवाई की गई। आबकारी टीम ने आरोपी राहुल जांगड़े के कब्जे से 21 पाव रोमियो मसाला शराब बरामद की। जब्त शराब की कुल मात्रा 3.78 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 हजार 100 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
लगातार निगरानी कर रहा आबकारी विभाग
आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार शुष्क दिवस के दौरान अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में विशेष निगरानी अभियान चलाया गया। विभाग की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और सूचना के आधार पर कार्रवाई की। यह कार्रवाई उपायुक्त आबकारी प्रवीण वर्मा के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में सहायक जिला आबकारी अधिकारी अल्ताफ खान, आशीष सिंह और वैभव मित्तल सहित आबकारी उपनिरीक्षक विक्रम सिंह और राहुल सिंह की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए विभाग लगातार अभियान चलाता रहेगा।
Next Story





