छत्तीसगढ़

जिले के अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करना सुनिश्चित करें: कलेक्टर

Shantanu Roy
10 Sept 2025 10:19 PM IST
जिले के अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करना सुनिश्चित करें: कलेक्टर
x
छग
Narayanpur. नारायणपुर। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समय-सीमा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई और लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कलेक्टर ममगाईं ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नक्सल पीड़ित पुनर्वास योजना के तहत लंबित प्रकरणों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, जिससे प्रभावित परिवारों को जल्द राहत मिल सकें।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों, पीडीएस भवनों के निर्माण, सीएसआर परियोजनाओं, विशेष केंद्रीय सहायता मद, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की समीक्षा करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, अमृत सरोवर योजना, वन अधिकार पत्रों के डिजिटलीकरण, आश्रम छात्रावासों के निरीक्षण, जाति, निवास, आय एवं जन्म प्रमाण पत्र वितरण की स्थिति, मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना, उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम और स्कूलों की आधारभूत सुविधाएं जैसे खेल मैदान, शौचालय, पानी एवं विद्युत व्यवस्था को यथाशीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ममगाईं ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष्मान कार्ड वितरण, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, जननी सुरक्षा योजना, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण और मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं, राशन कार्ड ई-केवाईसी, धान खरीदी, खाद्यान्न भंडारण, उचित मूल्य दुकानों के भवन निर्माण की स्थिति, पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, सहकार से समृद्धि योजना, डेयरी, मत्स्य, वनोपज सोसाइटियों के गठन, तालाब पट्टा वितरण और मिल्क रूट संचालन पर भी गहन समीक्षा की गई।
उन्होंने बिना भुगतान के की गई वित्तीय अनियमितताओं, नक्सल पीड़ित परिवारों को अनुकम्पा नियुक्ति और रोजगार उपलब्ध कराने, वेतन वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, तथा शासकीय सेवा में भर्ती से संबंधित मामलों पर गंभीरता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, जिले के दूरस्थ नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सीईपीईटी संस्थान रायपुर में निःशुल्क अल्पावधि प्रशिक्षण दिलाने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिले से बीजापुर जिले में अध्ययनरत विद्यार्थियों के जाति एवं जन्म प्रमाण पत्र बनाने, छात्रावासों में प्रवेश दिलाने, तथा ग्राम परपा में स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी अधिकारियों से ली। बैठक में सोलर पंपों की मरम्मत, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत एवं
अनुशंसित
कार्यों की अद्यतन स्थिति पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ममगाईं ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करें, ताकि योजनाओं का लाभ आमजन तक शीघ्र पहुंच सकें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, डीएसपी परवेज कुरैशी, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डिप्टी कलेक्टर सौरभ दीवान, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, जनपद सीईओ सुनिल सोनपिपरे, लोकेश चतुर्वेदी सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
Next Story