स्कूल के सामने से अतिक्रमण हटाए गए, एसडीएम ने चलवाया बुल्डोजर

कोरबा। कटघोरा नगर के मेन रोड पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम तन्मय खन्ना के निर्देश पर नगर पालिका परिषद ने शहीद वीर नारायण चौक के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान एसडीएम तन्मय खन्ना और नगर पालिका के सीएमओ मुद्रिका प्रसाद तिवारी मौके पर मौजूद रहे।
यह कार्रवाई नगर के सबसे व्यस्त चौराहे पर स्थित गर्ल्स स्कूल के सामने की गई। स्कूल के गेट के ठीक सामने लंबे समय से दुकानों का अवैध कब्जा था। जिससे स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं और शिक्षिकाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्कूल प्रबंधन ने इस संबंध में एसडीएम और नगर पालिका को शिकायत की थी।
इसके बाद तत्काल कार्रवाई के आदेश जारी किए गए। नगर पालिका सीएमओ मुद्रिका प्रसाद तिवारी ने बताया कि कटघोरा मेन रोड पर स्कूल-कॉलेज और आसपास सड़क किनारे कपड़े, मनिहारी और सब्जी सहित अन्य व्यवसाय की दुकानें संचालित की जा रही थीं। इन दुकानदारों को पहले भी समझाइश दी गई थी, लेकिन वे नहीं माने।





