
दुर्ग। भिलाई के पास उतई इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना 30 अप्रैल की रात की बताई जा रही है। भारतमाला प्रोजेक्ट का कार्य उतई में जारी है। इस दौरान ड्यूटी में लगे कर्मचारी को हाईवा ने कुचल दिया। इससे गाड़ी इंट्री ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने मामले में उतई थाना में शिकायत दर्ज करवाई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मृतक के भाई दुर्गेश बघेल का कहना है कि उनका भाई विजय बघेल भारत माला परियोजना के तहत बन रही 6 लेन सड़क पर एसएमएस कंपनी में गाड़ी एंट्री का काम करता था। घटना के समय वह खोपली रोड पर सड़क किनारे अपनी ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार हाईवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि हाईवा क्रमांक CG07CD1808 को चालक रुपेश ठाकुर चला रहा था।
बड़े भाई दुर्गेश बघेल ने कहा कि वाहन काफी तेज गति में था और लापरवाही से चलाया जा रहा था। इसी वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सड़क किनारे खड़े विजय को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विजय की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





