छत्तीसगढ़

फटाखे फोड़कर हाथियों को भगाया, रायगढ़ से वीडियो आया सामने

Nilmani Pal
27 Jun 2026 2:41 PM IST
फटाखे फोड़कर हाथियों को भगाया, रायगढ़ से वीडियो आया सामने
x
छग

रायगढ़। जिले में ग्राम छर्रा टांगर में शनिवार को हाथियों का दल पहुंचा. दल के साथ दो हाथी के शावक भी थे. गांव में हाथियों के प्रवेश के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. इस दौरान कुछ लोगों ने हाथियों को खदेड़ने के लिए फटाखे फोड़े और पत्थरबाजी की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई.

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों के इस बर्ताव से दो शावक रास्ता भटक गए. हंगामे, फटाखे और पत्थरबाजी किए जाने के कारण काफी गंभीर स्थिति देखने को मिली. बताया जा रहा है कि चार से पांच हाथियों का दल गांव में पहुंचा था. दोनों शावक जब पानी वाले इलाके में थे, तब अचानक कुछ ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया. दो शावकों के साथ होने के कारण हाथी अधिक संवेदनशील और आक्रोशित दिखाई दिए. घटना के दौरान सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ हाथियों का रास्ता रोककर उन्हें दौड़ाती और पत्थरबाजी करती नजर आई. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है. घटना की सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देने के बाद किसी तरह हाथियों को गांव से सुरक्षित बाहर निकाला जा सका.

वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि हाथियों, विशेषकर शावकों के साथ मौजूद झुंड को उकसाना बेहद खतरनाक हो सकता है. ऐसे मामलों में लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए और वन विभाग के निर्देशों का पालन करना चाहिए.

Next Story