
बिलासपुर। बिलासपुर में रंगोत्सव पर पानी की कमी नहीं होगी। इसके लिए निगम प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। जल विभाग तीन टाइम पानी की सप्लाई करेगा। वहीं स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए सिम्स प्रबंधन ने व्यापक तैयारी की है।
होली के दिन अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहेंगी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड कंपनी की ओर से पर्व के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए समूचित अमले के साथ शिकायत केंद्रों को अलर्ट मोड में रखा गया है। होली के मौके पर शहर के लोगों को नगर निगम मंगलवार 4 मार्च को सुबह-शाम की नियमित पानी सप्लाई के अलावा दोपहर 12 से 2 बजे तक अतिरिक्त पानी सप्लाई करेगा। निगम प्रशासन ने होली पर पेयजल की अतिरिक्त सप्लाई के लिए नल जल विभाग के प्रभारी सहित पंप ऑपरेटरों को निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित होने के आदेश दिए हैं।
इसके लिए 150 से अधिक पंप ऑपरेटरों की ड्यूटी लगाई है। इस दिन सुबह 6:00 बजे से 9 बजे तक, दोपहर 12 बजे से 2:00 बजे तक और शाम 5:30 बजे से 6:30 बजे तक पानी की सप्लाई की जाएगी। आपात स्थिति या शिकायत के लिए नगर निगम कार्यालय विकास भवन के प्रथम तल पर केंद्रीय कंट्रोल रूम (07752-471224) स्थापित किया गया है। यहां सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रियाज हुसैन (7000200800) और दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक प्रेमनारायण जायसवाल (7470357576) तैनात रहेंगे।





